Hindi NewsUttar-pradesh NewsSaharanpur NewsMurder in Saharanpur Youth Killed After Dispute Over Bullet Bike during Diwali
दीपावली पर बुलेट बाइक के धमाके के विरोध पर युवक की हत्या, पथराव

दीपावली पर बुलेट बाइक के धमाके के विरोध पर युवक की हत्या, पथराव

संक्षेप: Saharanpur News - दीपावली की रात सरसावा की राधा स्वामी कॉलोनी में बुलेट बाइक से धमाका करने के विवाद में युवक की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के...

Tue, 21 Oct 2025 06:16 PMNewswrap हिन्दुस्तान, सहारनपुर
share Share
Follow Us on

दीपावली की रात सरसावा की राधा स्वामी कॉलोनी में बुलेट बाइक से धमाका करने से रोकने पर युवक की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। थाना सरसावा पुलिस और सीओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक के पिता की तहरीर पर आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में एक सिपाही भी है, जो संभल में तैनात है। वारदात के बाद से आरोपी घरों पर ताला डालकर फरार हो गए। आरोपियों ने कॉलोनी में पथराव भी किया था। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सोमवार रात 9:30 बजे राधा स्वामी कॉलोनी निवासी आदर्श बुलेट बाइक लेकर कॉलोनी के एक रास्ते पर पहुंचा, जहां पर उसने धमाके करने लगा। कॉलोनी निवासी बब्बू आदि ने इसका विरोध किया। इस पर आदर्श ने उसके सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया। मौके पर कॉलोनी के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। बब्बू को सरकारी अस्पातल में उपचार दिलाया गया। कॉलोनीवासियों ने आदर्श को बुलेट बाइक से धमाके करने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना। आदर्श की लोगों के साथ झड़प हो गई। इसी दौरान कॉलोनी निवासी अमित उर्फ काला (36) पुत्र डॉ. इंद्रपाल बीच-बचाव कराने पहुंच गया। इसी दौरान आदर्श ने अपने साथियों को फोन करके बुला लिया। कार और बाइकों पर आदर्श के साथी हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि आदर्श और उसके साथियों ने अमित उर्फ काला पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पथराव भी किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर सीओ नकुड़ अशोक सिसौदिया और थाना सरसावा पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। घायल अमित को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन अमित को चंडीगढ़ पीजीआई में ले गए, जहां मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्मार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर थाना सरसावा में राधा स्वामी कॉलोनी निवासी आदर्श, अमित उर्फ मीतू, सुमित, आनंद निवासी विभीत विहार, अर्जुन, ईशू निवासी राधा-स्वामी कॉलोनी, मलकीत और प्रगट निवासी मोहल्ला पूर्वी अफगनान के खिलाफ हत्या मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात के बाद सभी आरोपी अपने घरों पर ताला डालकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। आरोपियों में शामिल प्रगट सिपाही है, जो वर्तमान में संभल में तैनात है, जो छुट्टी पर घर आया हुआ था। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। इकलौता बेटा था अमित, मचा कोहराम सरसावा। अमित परिवार का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं, मोहल्लेवासी भी गमजदा है। युवक की मौत से परिवार की दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई। कॉलोनी के लोगों ने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ----- जान का बताया था खतरा सरसावा। अमित का चार वर्ष पूर्व इसी गुट के साथ झगड़ा भी हुआ था। आरोपी गुट अमित से रंजिश रखता था। कई बार अमित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों से जान का खतरा बताया था, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसी का फायदा उठाकर गुट ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस के दर से पहुंचने का आरोप सरसावा। मृतक के परिजनों का कहना है कि डायल 112 पर रात साढ़े नौ बजे ही सूचना दे दी गई थी, लेकिन पुलिस साढ़े दस बजे बाद पहुंची है। अगर पुलिस समय रहते मौके पर पहुंच जाती तो अमित की जान बच सकी थी। वर्जन:- आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिनकी गिरफ्तारी को पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। आशीष तिवारी, एसएसपी, सहारनपुर