60 स्थानों से अतिक्रमण हटाया, जुर्माना वसूला

Feb 02, 2026 07:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सहारनपुर
share Share
Follow Us on

Saharanpur News - नगर निगम ने बेहट रोड पर रसूलपुर से नाजिरपुरा तक अतिक्रमण हटाने और नाला सफाई अभियान चलाया। 60 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया और 20,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। दुकानदारों पर पॉलिथीन के उपयोग पर भी जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी और पोकलेन मशीनों का उपयोग किया गया।

60 स्थानों से अतिक्रमण हटाया, जुर्माना वसूला

नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अपना अभियान जारी रखते हुए सोमवार को बेहट रोड स्थित रसूलपुर से नाजिरपुरा तक नाला सफाई एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान नाले पर किए गए पक्के और अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। अभियान में करीब 60 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया, जबकि 20 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा पॉलिथीन का उपयोग करने पर एक दुकानदार पर दो हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। नगर निगम द्वारा रसूलपुर से नाजिरपुरा तक नाला सफाई अभियान शुरू किया गया था, लेकिन नाले पर किए गए अतिक्रमण सफाई कार्य में लगातार बाधा बन रहे थे।

नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह के नेतृत्व में अतिक्रमणरोधी दस्ता जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ नाजिरपुरा पहुंचा। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक दुकानदारों द्वारा नाले पर किए गए पक्के अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। वहीं सड़क पर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई भी शुरू की गई, लेकिन मौके पर जुर्माना अदा करने पर सामान लौटा दिया गया। एक व्यक्ति द्वारा सड़क पर दूर तक रेत फैलाकर बेचने के मामले में पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और तत्काल उसका सामान सड़क से हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान निर्माण विभाग के जेई मदनपाल, निगम के संपत्ति सुरक्षा अधिकारी हरिप्रकाश कसाना, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग, कैप्टन नरेश, प्रवर्तन दल के जवान तथा सफाई निरीक्षक सुधाकर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;