बेटी के जन्म पर जच्चा-बच्चा को अस्पताल में छोड़ गए ससुराली
भले ही बेटियां फाइटर प्लेन उड़ा रही हों, लेकिन हमारे समाज में आज भी ऐसे लोग हैं जो बेटियों को बोझ मानते हैं। समाज की इस भयावह तस्वीर को उजागर करता...

भले ही बेटियां फाइटर प्लेन उड़ा रही हों, लेकिन हमारे समाज में आज भी ऐसे लोग हैं जो बेटियों को बोझ मानते हैं। समाज की इस भयावह तस्वीर को उजागर करता एक ऐसा ही मामला रविवार को सामने आया। जिला महिला अस्पताल में महिला ने बेटी को जन्म दिया, तो ससुराल वाले जच्चा-बच्चा को अस्पताल में छोड़कर चले गए।
खाताखेड़ी निवासी महिला की शादी दो साल पहले देवबंद थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति से हुई थी। कुछ दिन पहले महिला को प्रसव पीड़ा हुई। जिसके बाद परिजनों ने जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां आठ दिन पहले महिला ने बेटी को जन्म दिया। जिसके बाद से ससुरालियों को बेटी का होना पसंद नहीं आया और जच्चा-बच्चा को अस्पताल में ही छोड़कर चले आए। महिला ने आसपास बैठे लोगों से उनके परिजनों को बाहर देखने के लिए कहा। काफी देर तक अस्पताल में देखा, लेकिन कोई नहीं मिला।
महिला का आरोप है कि ससुराल वाले बिना बताए चले गए। इसके बाद महिला ने अपने मायकेवालों को फोन कर अस्पताल में बुलाया और उन्हें सारी जानकारी दी। महिला के साथ अस्पताल में मां, पिता और भाई ही साथ है। महिला अभी भी अस्पताल में ही भर्ती है। मायके वाले सभी लोग अस्पताल में ही उसके साथ हैं। महिला के ससुरालियों का इंतजार किया जा रहा है।
डिस्चार्ज के कागजात भी ले गए
महिला का आरोप है कि ससुराल वाले अस्पताल से डिस्चार्ज होने वाले कागजात अपने साथ ले गए। बिना कागजात के अस्पताल से डिस्चार्ज होने में परेशानी हो रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही महिला की वीडियो
बेटी को जन्म देने वाली महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। जिसमें महिला अपना दर्द बयां कर रही है। वायरल वीडियो में महिला बता रही है कि उनके ससुराल वाले उसे और उसकी नवजात बेटी को अस्पताल में छोड़कर चले गए है।
-वर्जन
खाताखेड़ी निवासी एक महिला ने बीते दिनों अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया है। महिला और उसकी बच्ची को छोड़कर चले जाने की बात सामने आया है। हालांकि अभी महिला की तरफ से किसी ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है। फिर भी मामले को दिखवाया जा रहा है।
-डॉ. ममता सोढ़ी, सीएमएस, महिला अस्पताल
