
कब्र से छह माह बाद निकलवाया युवक का शव, हत्या का आरोप
Saharanpur News - नगर कोतवाली क्षेत्र में राहिदा ने अपने बेटे सलमान की संदिग्ध मौत के मामले में जहर देकर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को नूरबस्ती कब्रिस्तान से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही सामने आएगी।
नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले युवक की छह माह पूर्व हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मृतक की मां ने बेटे की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इसके पश्चात देहात कोतवाली पुलिस ने नूरबस्ती स्थित कब्रिस्तान से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह का पता लग पाएगा। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साधु विहार निवासी राहिदा ने देहात कोतवाली में दर्ज कराए मामले में बताया कि छह माह पूर्व उसके बेटे सलमान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
तब, शव को नूरबस्ती स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था। उसे आशंका है कि उसके बेटे की जहर देकर हत्या की गई है। पीड़िता ने पुलिस से बेटे का शव कब्र से निकलवार पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इस पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार देहात कोतवाली पुलिस ने नूर बस्ती स्थित कब्रिस्तान से सलमान के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया है। इसके पश्चात शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिन्होंने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही युवक की मौत की सही वजह पता लग पाएगी। कुछ युवकों पर जताया जहर देने का शक सहारनपुर। राहिदा ने कुछ युवकों पर उसके बेटे सलमान को जहर देकर मारने का शक भी जाहिर किया है। इस बिंदु पर भी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जिन युवकों पर शक जाहिर किया गया है, वह सलमान के दोस्त बताए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस इन युवकों से भी पूछताछ करेगी। वर्जन:- युवक के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही युवक की मौत की सही वजह पता लग पाएगी। मृतक की मां ने जहर देकर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस हर बिंदू पर मामले की जांच कर रही है। -व्योम बिंदल, एसपी सिटी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




