
संसाधनों का पूर्ण उपयोग कर निगम को बनाएं आत्मनिर्भर : महापौर
संक्षेप: Saharanpur News - महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि ने नगर निगम के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने निगम के संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने और आय बढ़ाने के कदम उठाने की बात की। ढमोला की सफाई और पुलों के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
नगर निगम के विकास और सौंदर्यीकरण को गति देने के लिए महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम के उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए और आय बढ़ाने के लिए सक्रिय कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि निगम की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के साथ कानूनी विंग को भी मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर पैरवी कमजोर न पड़े। शांकुभरी सभागार में शुक्रवार को आयोजित बैठक में महापौर ने कहा कि गत वर्ष ढमोला की सफाई से आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या नहीं हुई। इस वर्ष भी ढमोला और पांवधोई की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

साथ ही शहर के चार रेलवे पुलों और ढमोला पर स्थित पुलों के सौंदर्यीकरण के सुझाव दिए गए। पतंग के मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलों पर तार लगाने का भी निर्देश दिया। महापौर ने निगम के 22 मोबाइल शौचालयों पर पेंट कर निगम और सरकारी योजनाओं का प्रचार करने के साथ कम से कम सात शौचालयों को पिंक शौचालय के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। नगरायुक्त शिपू गिरि ने म्यूटेशन मामलों को 45 दिन से अधिक लंबित न रहने देने और शहर की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए नए अनुबंध पर जोर दिया। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




