गोदाम में लगी भीषण आग, कॉलोनी में मचा हड़कंप
Saharanpur News - सहारनपुर के फाजिल कॉलोनी में एक गोदाम में मंगलवार तड़के आग लग गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
सहारनपुर। मंगलवार तड़के करीब साढ़े चार बजे थाना कुतुबशेर क्षेत्र की फाजिल कॉलोनी, हबीबगढ़ रोड स्थित एक युवती के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। अचानक उठी आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और तुरंत फायर स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम बिना देरी किए मौके के लिए रवाना हुई। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं और फायर कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। उस समय तक आग तेजी से फैल रही थी और गोदाम में रखा सामान उसकी चपेट में आ चुका था।
दमकल विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में फायर कर्मियों ने पूरी मुस्तैदी और साहस के साथ आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। कई अग्निशमन वाहनों को लगाकर लगातार पानी की बौछार की गई। कॉलोनी घनी आबादी वाली होने के कारण आग के आसपास के मकानों तक फैलने का खतरा बना हुआ था, लेकिन टीम ने सूझबूझ और समन्वय के साथ आग को फैलने से रोक लिया। करीब कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


