ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश सहारनपुरनिर्माणाधीन खुमरान पुल का जाल गिरा, दो मजूदरों की मौत

निर्माणाधीन खुमरान पुल का जाल गिरा, दो मजूदरों की मौत

शहर के बीचोंबीच होकर बह रही पांवधोई नदी के निर्माणाधीन पुल खुमरान पर दर्दनाक हादसा हो...

निर्माणाधीन खुमरान पुल का जाल गिरा, दो मजूदरों की मौत
हिन्दुस्तान टीम,सहारनपुरTue, 27 Nov 2018 10:41 PM
ऐप पर पढ़ें

शहर के बीचोंबीच होकर बह रही पांवधोई नदी के निर्माणाधीन पुल खुमरान पर दर्दनाक हादसा हो गया। पुल पर लगाए जा रहे सरियों के जाल के गिरने से सात मजदूर जाल के नीचे दब गए। जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। इनमें से एक ही हालत गंभीर है। मरने वाले दोनों मजदूर संभल जिले के रहने वाले थे। हादसे के बाद डीएम-एसएसपी सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे।

डीएम ने इसे घोर लापरवाही माना है। साथ ही पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। हादसा करीब पौने 11 बजे शहर के बीच से गुजरने वाली पांवधोई नदी का है। नदी के पुल खुमरान पर पिछले डेढ़ माह से निर्माण कार्य चल रहा है। पुल निर्माण की जिम्मेदारी बागपत की जय अंबे कंस्ट्रक्शन कंपनी को दी गई थी। दो सप्ताह पहले संभल जिले से 11 मजदूर ठेकेदार राजेंद्र कुमार पुल का जाल बांधने के लेकर आया था। मंगलवार को जाल बांधने काम चल रहा था। सात मजदूर जाल बांध रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब पौने 11 बजे अचानक एक रात पहले ही खड़े किए गए सरिये गिर गए, जिसके नीचे सभी मजदूर दब गए। मजदूरों के सरियों के नीचे दबने से खलबली मच गई। साथी मजदूरों से शोर मचाया तो आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। करीब आधा घंटे के प्रयास के बाद मजदूरों को बाहर निकाला गया। जिसमें दो मजदूर जयवीर पुत्र भूरे सिंह और रामकुमार निवासीगण मैसरौली, थाना रजापुर, संभल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच अन्य मजदूर घायल हो गए। इसमें बमलेश की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य मजदूरों के हल्की चोटें आई हैं। उधर, हादसे की खबर मिलते ही डीएम आलोक कुमार पांडेय, एसएसपी दिनेश कुमार पी, नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह अन्य पुलिस अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे। डीएम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच की। डीएम ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चल रहा है कि हादसा लापरवाही के कारण हुआ है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

आलोक कुमार पांडेय, डीएम ने बताया खुमरान पुल का निर्माण के समय जाल गिर गया। जिसके नीचे दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर घायल हो गया। मृतक मजदूर के परिवार को अर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। प्रारंभिक जांच में हादसा लापरवाही के कारण होना माना जा रहा है। विभागीय जांच करने के लिए टीम गठित की जाएगी। जांच के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।

दिनेश कुमार पी, एसएसपी ने बताया हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें