
सफाईकर्मियों का धरना चौथे दिन भी जारी
Saharanpur News - भारतीय सफाई मजदूर संघ और उत्तर प्रदेशीय सफाई प्रदेश के तत्वावधान में नगर निगम प्रांगण में सफाई कर्मियों का धरना जारी है। 65 वर्षों से वाल्मीकि कॉलोनी के सफाई कर्मियों को भूमि और स्वामित्व अधिकार नहीं...
भारतीय सफाई मजदूर संघ एवं उत्तर प्रदेशीय सफाई प्रदेश के तत्वावधान में चौथे दिन भी सफाई कर्मियों का धरना नगर निगम प्रांगण में जारी रहा। मांग नहीं माने जाने पर हड़ताल की चेतावनी दी गई। धरने में सैकड़ों महिला एवं पुरुष सफाई कर्मियों ने भाग लिया। सोनी आज़ाद ने बताया कि जनता रोड स्थित वाल्मीकि कॉलोनी 65 वर्षों से बसी हुई है। उस समय उत्तर प्रदेश हरिजन समाज कल्याण विभाग के शासनादेश के तहत सिटी बोर्ड को निर्देश दिए गए थे कि सफाई कर्मियों के लिए भवन निर्माण हेतु निशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें बने हुए भवन का स्वामित्व अधिकार प्रदान किया जाए।

इसी क्रम में तत्कालीन पालिका बोर्ड की अध्यक्ष राजदुलारी गर्ग के द्वारा वर्ष 1996 में बोर्ड प्रस्ताव संख्या 454 सर्वसम्मति से पारित किया गया। लेकिन आज तक नगर निगम सहारनपुर इसे लागू करने के लिए तैयार नहीं है। इसी तरह 31 अगस्त 1989 को बोर्ड प्रस्ताव संख्या 932 भी पारित किया गया था, जिसके तहत सफाई कर्मियों के त्यागपत्र देने पर उनके परिवार के पुत्र या पुत्री को स्वास्थ्य एवं मानवीय दृष्टिकोण से नियुक्ति देने का प्रावधान किया गया। इन नियुक्तियों को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी, लेकिन अदालत का फैसला सफाई कर्मियों के पक्ष में आया। इसके बावजूद अधिकारी फाइलों में छेड़छाड़ कर रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के मंडल महामंत्री बृजमोहन चिनालिया ने कहा कि कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न पर रोक लगाई जाए। यदि अधिकारी अपना रवैया नहीं बदलते तो आंदोलन तेज किया जाएगा और उसके परिणामों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। रघुवीर चंदेल, प्रीतम सिंह प्रेमी, धीरज आज़ाद, अनुज बहोत, शिव कुमार, रोहित पहेवल, अशोक तेशावर, रिंका प्रधान, सोमपाल डिलौड, बिट्टू वाल्मीकि, मनमोहन सूद, राकेश, रामकुमार, प्रमोद सुधा, करण आदिवाल, सुनील रतन खेड़ी, कवल दास और तेजपाल मचल आदि रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


