टोल प्लाजा पर लूट का भंडाफोड़, फर्जी रसीदों से अवैध वसूली करने में चार गिफ्तार
Saharanpur News - सरसावा टोल प्लाजा पर किसानों से अवैध वसूली के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई गुप्त जांच में फर्जी रसीदें और अवैध वसूली का नेटवर्क उजागर हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। किसानों के अधिकारों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरसावा टोल प्लाजा पर किसानों और ट्रैक्टर चालकों से फर्जी रसीदों के जरिए अवैध वसूली के मामले में जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टोल प्लाजा मालिक, मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई गोपनीय जांच में अवैध वसूली का पूरा नेटवर्क सामने आया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए सरसावा थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सरसावा टोल प्लाजा पर छापेमारी की। जांच में सामने आया कि हरियाणा की ओर पॉपुलर की लकड़ी ले जा रहे किसानों से नियमों के विपरीत 130 रुपये वसूले जा रहे थे और बदले में फर्जी रसीदें दी जा रही थीं, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉलियां टोल-फ्री श्रेणी में आती हैं।
जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टोल प्लाजा मालिक कमलजीत सिंह, मैनेजर कालू सिंह राणावत, सागर और अक्षय को देहरादून-अंबाला रोड स्थित रेस्ट एरिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से रसीद बुक, कटी हुई रसीदें और अवैध वसूली से संबंधित पर्चियां बरामद की गई हैं। डीएम की रणनीतिक कार्रवाई से खुला अवैध वसूली नेटवर्क सहारनपुर जनपद में किसानों से अवैध वसूली की लगातार मिल रही शिकायतों को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर राजस्व कर्मियों को किसानों के भेष में सरसावा नेशनल टोल प्लाजा भेजा गया। गुप्त जांच के दौरान टोल-फ्री ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से नकद वसूली, फर्जी रसीद और बिना रसीद धन संग्रह की पुष्टि हुई, जिससे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो गया। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तत्काल पुलिस कार्रवाई कराई गई। सरसावा थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा -बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 308(2) एवं 61(2) किसानों के अधिकारों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं: डीएम जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट कहा कि किसानों के अधिकारों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी चाहे किसी भी स्तर पर हों, उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह साफ संदेश दिया कि जिले में अवैध वसूली, भ्रष्टाचार और कानून उल्लंघन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। टोल मालिकों के कई राजनीतिक नेताओं के साथ फोटो वायरल प्रकरण का खुलासा होने के साथ ही एक नया खुलासा यह भी हुआ कि टोल मालिकों के जिले से लेकर सूबे के कई राजनीतिक नेताओं के साथ घनिष्ठ सम्बंध थे। इसको लेकर कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है। इसको लेकर जिले से लेकर लखनऊ तक तरह तरह की चर्चाएं है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


