रॉयल्टी जमा न करने पर ईंट भट्ठे पर चला बुलडोजर, कच्ची ईंटें कराई नष्ट
Saharanpur News - बिना रॉयल्टी और विनियमन शुल्क जमा कराए ईंट भट्ठा संचालित करना महंगा पड़ा। शकलापुरी क्षेत्र में राजस्व और खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए कच्ची ईंटों को नष्ट किया। भट्ठा संचालक ने शुल्क जमा कराने का भरोसा दिया, लेकिन भविष्य में कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बिना रॉयल्टी और विनियमन शुल्क जमा कराए ईंट भट्ठा संचालित करना आखिरकार महंगा पड़ गया। शहर से सटे शकलापुरी क्षेत्र में संचालित एक ईंट भट्ठे पर राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया और मौके पर मौजूद कच्ची ईंटों को नष्ट करा दिया। विभागीय जांच में सामने आया कि संबंधित भट्ठा संचालक द्वारा न तो रॉयल्टी जमा कराई गई थी और न ही विनियमन शुल्क अदा किया गया था। अधिकारियों के अनुसार ईंट भट्ठा संचालन के लिए मिट्टी की खुदाई की जाती है, जिसे खनन की श्रेणी में माना जाता है। ऐसे में बिना अनुमति और शुल्क भुगतान के की गई मिट्टी खुदाई पूरी तरह अवैध खनन के दायरे में आती है।
खास है कि भट्ठा संचालन के लिए भट्ठे के पायो के हिसाब से रॉयल्टी और शुल्क जमा होता है जो करीब ढाई लाख रुपए बैठता है। पैसा जमा कराए बिना मिट्टी खुदाई और ईंट पथाई अवैध खनन की श्रेणी में आता है। इसी से शुक्रवार को डीएम के आदेश पर खनन निरीक्षक अभिलाष चौबे तथा राजस्व निरीक्षक रगबीर सिंह ने पुलिस बल के साथ आलिम ब्रिक कंपनी पर पहुंचकर निर्मित कच्ची ईंटों पर बुलडोजर चलवाकर नष्ट कराया। हालांकि ईंटे नष्ट होते ही भट्ठा संचालक ने तत्काल शुल्क जमा कराने का भरोसा दिया तो कार्रवाई रोकी गई। खनन निरीक्षक अभिलाष चौबे ने बताया कि करीब 600-700 ईंटें नष्ट हुई है। भट्ठा संचालक ने शनिवार को शुल्क जमा कराने का भरोसा दिलाया है। अगर शुल्क जमा नहीं किया तो फिर से कार्रवाई करते हुए, चिमनी आदि तोड़ी जाएंगी। एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि बिना विनियमन शुल्क जमा कराए किसी भट्ठे का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




