ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश सहारनपुरहोलाष्टक: आज से आठ दिन के लिए शुभ कार्यों पर ब्रेक

होलाष्टक: आज से आठ दिन के लिए शुभ कार्यों पर ब्रेक

होली के त्योहार को लेकर रविवार से होलाष्ठक लगते ही शुभ कार्यों पर आठ दिन के लिए ब्रेक लग गया है। 28 मार्च तक विवाह, नवनिर्माण, गृह प्रवेश आदि कार्य...

होलाष्टक: आज से आठ दिन के लिए शुभ कार्यों पर ब्रेक
हिन्दुस्तान टीम,सहारनपुरMon, 22 Mar 2021 03:33 AM
ऐप पर पढ़ें

होली के त्योहार को लेकर रविवार से होलाष्ठक लगते ही शुभ कार्यों पर आठ दिन के लिए ब्रेक लग गया है। 28 मार्च तक विवाह, नवनिर्माण, गृह प्रवेश आदि कार्य पूरी तरह से बंद रहेंगे। होलाष्टक में पूजा पाठ करने और भगवान का भजन करने से शुभ फल की प्राप्ति होगी।

मान्यता यह है कि फाल्गुन शुक्ल पक्ष की अष्टमी के दिन भगवान महादेव ने कामदेव को भस्म कर दिया था। इसके चलते यह कालखंड अशुभ माना गया। कालांतर में राक्षसराज हिरण्यकश्यप ने भगवान नारायण का भक्त होने के कारण अपने पुत्र प्रहलाद को होली से आठ दिन पूर्व से अनेक यातनाएं दीं। इन यातनाओं का अंत भगवान ने स्वयं प्रकट होकर अपने भक्त प्रहलाद की रक्षा और हिरण्यकश्यप का संहार करके किया। इसके कारण भी इन आठ दिनों को शुभ नहीं माना जाता है। माना जाता है कि इन दिनों में गर्म पानी से नहाना भी रोग देता है। इस अशुभ काल का अंत होली में अग्नि प्रज्ज्वलित होने पर होगा।

-आठ दिन पहले लगते है होलाष्टक

होली के 8 दिन पूर्व फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी से होलिकाष्टक लग जाता है। इससे आठ दिन में शुभ कार्य जैसे विवाह, गृह प्रवेश आदि वर्जित माना जाता है। आचार्य पंडित अमित भारद्वाज ने बताया कि होलाष्टक लग गया है। यह होली के दिन समाप्त होगा। शास्त्रों के अनुसार, इन दिनों में ग्रहों का स्वभाव उग्र रहता है। सभी नौ ग्रह अष्टमी से पूर्णिमा तक उग्र रहेंगे। होलिकाष्टक के शाब्दिक अर्थ पर जाएं तो होला अष्टक अर्थात होली से पूर्व के आठ दिन होलिकाष्टक कहलाते हैं।

-अब अप्रैल में होगा धूमधड़ाका

होलिकाष्टक के साथ ही धूमधड़ाका बंद हो गया। अब शुभ विवाह का दौर 18 अप्रैल से शुरू होकर जुलाई तक अनवरत चलेगा। अप्रैल में शादियों की अधिकता रहेगा, कुछ ऐसा ही हाल मई और जून में रहेगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें