
बोले सहारनपुर : गंदगी और जलभराव का बोझ ढो रही गंगोह रोड की आबादी
Saharanpur News - गंगोह रोड, जो सहारनपुर का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना कर रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाले की सफाई नहीं होती और सड़क पर टाइल्स का अभाव है। समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम से ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।
शहर का गंगोह रोड, वार्ड नंबर 31, जहां करीब 12,500 मतदाता और लगभग 500 दुकानें हैं, लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना कर रहा है। यह क्षेत्र व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन सफाई व्यवस्था, नाला निर्माण, सड़क सुधार और बिजली व्यवस्था की खामियां यहां के लोगों के लिए रोजमर्रा की समस्याएं बन गई हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार कई समस्याएं वर्षों से लंबित हैं, लेकिन समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम अभी तक नहीं उठाए गए। गंगोह रोड की सबसे बड़ी समस्या यहां से गुजरने वाला नाला है, जो रजवाहे से लेकर बड़ी नहर तक बहता है।
करीब 20 वर्ष पुराना और लगभग 1600 मीटर लंबा यह नाला वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसकी नियत समय पर साफ-सफाई नहीं होती। मई महीने में की गई सफाई भी सिर्फ औपचारिकता थी, जिसका कोई वास्तविक लाभ क्षेत्र को नहीं मिला। नाले के बार-बार चोक होने से गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे न केवल दुर्गंध फैलती है बल्कि राहगीरों और दुकानदारों को रोजमर्रा की असुविधा झेलनी पड़ती है। कई बार कचरा और पानी दो-दो दिन तक जमा रहता है, जिससे दुकानदारी प्रभावित होती है। सबसे गंभीर समस्या यह है कि यह नाला पूरा कवर्ड नहीं है, जबकि यह सड़क के दोनों ओर से गुजरता है। खुले नाले के कारण दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। इसके अलावा, गंदगी और ठहरा पानी मच्छरों के प्रकोप को बढ़ाते हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी पैदा होते हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि नाले को नियमित रूप से साफ कराया जाए और इसे पूरी तरह कवर्ड किया जाए, ताकि गंगोह रोड की यह पुरानी समस्या स्थायी रूप से खत्म हो सके। गंगोह रोड, सहारनपुर का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, लेकिन यहां की खराब सफाई व्यवस्था, नाले की दयनीय स्थिति, सीवर सुविधा का अभाव, बिजली पोलों की अव्यवस्था और सड़क सौंदर्यीकरण में कमी आज भी लोगों की बड़ी समस्याएं हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि नगर निगम और संबंधित विभाग मिलकर इन मुद्दों पर ठोस कदम उठाएं, तो गंगोह रोड को एक मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा सकता है। खासकर नाला, सफाई, टाइल्स और बिजली व्यवस्था में सुधार से क्षेत्र की कई समस्याएं स्वतः समाप्त हो जाएंगी। निवासियों को उम्मीद है कि उनकी आवाज सुनी जाएगी और गंगोह रोड को जल्द ही बेहतर, सुरक्षित और स्वच्छ क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। गंगोह रोड पर सफाई व्यवस्था बदहाल गंगोह रोड पर सफाई व्यवस्था लंबे समय से बदहाल बनी हुई है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों के अनुसार यहां सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं है, जिसके कारण कई-कई दिनों तक सड़कें साफ नहीं होतीं। सफाई न होने से सड़क किनारे कूड़ा जमा हो जाता है, जो आसपास के वातावरण को गंदा करने के साथ-साथ लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि सड़क किनारों पर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। यह झाड़ियां न केवल क्षेत्र की सुंदरता को बिगाड़ती हैं, बल्कि रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाती हैं। कूड़ा उठान व्यवस्था भी बेहद कमजोर है। कई स्थानों पर कूड़ा समय पर नहीं उठाया जाता, जिसके कारण दुर्गंध फैलने लगती है और क्षेत्र की हवा दूषित हो जाती है। यह स्थिति स्वास्थ्य के लिए भी खतरा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था में तुरंत सुधार किया जाए और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि गंगोह रोड को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके। सड़क दोनों ओर टाइल्स का अभाव गंगोह रोड पर बड़ी संख्या में दुकानों की मौजूदगी के बावजूद सड़क के दोनों ओर टाइल्स न होना यहां की प्रमुख समस्याओं में से एक है। सड़क किनारे मिट्टी, गड्ढे और असमान सतह होने के कारण न केवल क्षेत्र की सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि पैदल चलने वालों और ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दुकानदारों का कहना है कि रास्ते के किनारे जमा मिट्टी और धूल दिनभर हवा में उड़ती रहती है, जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों में गंदगी फैलती है और ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित होता है। कई बार राहगीर धूल-मिट्टी और कीचड़ से बचने के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। खासकर वाहन अधिक होने के समय यह स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो जाती है। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों की यह भी मांग है कि सड़क के दोनों ओर कलर्ड टाइल्स लगाई जाएं। इससे न केवल गंगोह रोड का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि धूल-मिट्टी की समस्या भी काफी हद तक समाप्त होगी। टाइल्स लगने से लोगों के चलने के लिए बेहतर मार्ग उपलब्ध होगा और सड़क अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक दिखाई देगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह कार्य समय पर पूरा हो जाए, तो गंगोह रोड आधुनिक और स्वच्छ मार्ग के रूप में विकसित हो सकता है। आम वाली गली में सुविधाओं का अभाव गंगोह रोड से सटी आम वाली गली में सड़क की हालत बेहद खराब है। स्थानीय निवासियों के अनुसार गली की सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़ी है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ा हुआ हिस्सा और टूटे किनारे लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बने हुए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहनों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है और फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इसके साथ ही आम वाली गली में पानी की निकासी की समस्या भी गंभीर रूप से बनी हुई है। नाली की सही सफाई या रखरखाव न होने के कारण हल्की बारिश होने पर भी गली में पानी भर जाता है। कई बार पानी लंबे समय तक जमा रहता है, जिससे लोगों को घरों से निकलने में परेशानी होती है। ठहरा हुआ पानी गंदगी और मच्छरों को जन्म देता है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और उचित ढंग से नाली निर्माण कराकर निकासी व्यवस्था को सुधारा जाए। उनका कहना है कि यह गली गंगोह रोड से जुड़ी होने के कारण वहां आने-जाने वालों का दबाव भी रहता है, इसलिए सुधार कार्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। समस्याएं -क्षेत्र में करीब 1600 मीटर लंबा नाला अक्सर चोक रहता है -गंगोह रोड पर सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है -गंगोह रोड पर सीवर लाइन की सुविधा नहीं है -मार्ग के दोनों ओर न टाइल्स है न पक्की सड़क -गंगोह रोड पर हाईटेंशन लाइन के गुजर से बना रहता है खतरा सुझाव -गंगोह रोड पर बने नाले की सफाई कराई जाए -गंगोह रोड पर बने नाले को कवर्ड किया जाए -गंगोह रोड पर सफाई व्यवस्था में सुधार लाया जाए -गंगोह रोड पर दोनों ओर टाईल्स लगाई जाएं -गंगोह रोड पर लगे अनावश्यक बिजली पोल हटाए जाएं -गंगोह पर बने डिवाईडर पर वृक्षारोपण कराया जाए प्रतिक्रियाएं गंगोह रोड पर करीब 20 साल पुराना नाला है। जिसकी नियमित रुप से सफाई नहीं होती है। नियमित सफाई और नाले को कवर्ड कराने की जरूरत है। इंतजार गंगोह रोड पर बड़ी संख्या में दुकानें व कॉलोनियां हैं। सफाई व्यवस्था लचर स्थिति में है। कर्मचारी नियमित रुप से नहीं आते हैं। सफाई कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। इलियास गंगोह रोड पर बिजली के पुराने और झुके हुए पोल लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। नए खंभे लगाने के बाद भी पुराने नहीं हटाए गए हैं। इन्हें हटाना बेहद जरूरी है ताकि दुर्घटना से बचा जा सके। जमीर खान सड़क के दोनों ओर टाइल्स न होने से धूल-मिट्टी की समस्या बनी रहती है। यदि टाइल्स लगा दी जाएं तो सड़क साफ-सुथरी दिखेगी और व्यापार में भी वृद्धि होगी। सलीम नाले की सफाई सिर्फ कागजों में पूरी दिखाई जाती है। असल में नाला पूरी तरह चोक रहता है। बारिश में घरों के सामने गंदा पानी भर जाता है। हम चाहते हैं कि नाला पूरी तरह कवर्ड किया जाए। तनवीर खान गंगोह रोड पर कूड़ा उठान समय पर नहीं होता। सड़कों पर कचरा पड़ा रहता है। इससे लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। अगर सफाई ठीक से हो जाए तो क्षेत्र काफी सुधार सकता है। अहमद पुराने बिजली पोल झुककर खतरा पैदा कर रहे हैं। कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नए पोल तो लगा दिए हैं, पर पुराने हटे नहीं। यह काम तुरंत कराया जाना चाहिए। मो. कैफ आम वाली गली में पानी की निकासी की समस्या भी गंभीर रूप से बनी हुई है। नाली की सही सफाई या रखरखाव न होने के कारण हल्की बारिश होने पर भी गली में पानी भर जाता है। बिलाल सड़क पर नए बिजली पोल लगाए जाने के बाद भी पुराने पोल हटाए नहीं गए। इनमें से कई पुराने पोल काफी झुक गए हैं, जिससे किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। मुबश्शिर गंगोह रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर आज भी सीवर लाइन नहीं है। बारिश के दिनों में समस्या और बढ़ जाती है जब नाले भरकर ओवरफ्लो होने लगते हैं। हामिद गंगोह रोड पर बड़ी संख्या में दुकानें हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क के दोनों ओर टाइल्स नहीं लगाई गई हैं। सड़क के किनारे मिट्टी और गड्ढे बने रहते हैं, जिससे राहगीरों और ग्राहकों को परेशानी होती है। अब्बास सड़क के दोनों ओर कलर्ड टाइल्स लगाई जाएं। इससे न केवल गंगोह रोड का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि धूल-मिट्टी की समस्या भी काफी हद तक समाप्त होगी। दानिश मलिक वर्जन- गंगोह रोड शहर की प्रमुख सड़कों में से एक है। यहां उत्पन्न समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की टीम के साथ मौके पर निरीक्षण किया जाएगा। सभी संबंधित मुद्दों का जल्द निस्तारण कराया जाएगा। डॉ. अजय कुमार, महापौर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




