घर में घुसकर हाकी-डंड़ों से हमला, तीन पर मुकदमा
Saharanpur News - कमबोह माजरा में दबंगों ने एक युवक प्रदीप के घर में घुसकर हॉकी और कड़ों से जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने गालियाँ देते हुए प्रदीप पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी की जांच जारी है।

थाना क्षेत्र के कम्बोह माजरा में दबंगों ने गाली-गलौच करते हुए एक युवक के घर में घुसकर हॉकी और कड़ों से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित प्रदीप पुत्र चंद किरण ने कोतवाली बेहट में तहरीर देकर बताया कि सोमवार की देर शाम अचानक गांव निवासी अतुल पुत्र काला, संजू पुत्र बृजेश और सोनू पुत्र चाणू उसके घर में घुस गए। आरोप है कि हथियार लैस पहुंचे दबंगों ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दी। इसके बाद प्रदीप का आरोप है कि अतुल ने कड़े से उसके सिर पर जोरदार प्रहार किया।
सोनी ने उसे पकड़ लिया, जबकि संजू ने हॉकी से कई वार किए। जिससे उसका सिर फट गया और खून तेजी से बहने लगा। इस जानलेवा हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और डायल 112 को फोन कर सूचना दे दी। पुलिस की सूचना मिलते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि आरोपी बड़े दबंग और शातिर हैं। उनसे उसे एंव उसके परिवार को जान माल का गंभीर खतरा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज करते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




