करोड़ों की भूमि हड़पने की साजिश, आठ नामजद
Saharanpur News - मृतक व्यापारी की भूमि हड़पने के लिए फर्जी वसीयत और जाली हस्ताक्षर का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर थाना बेहट में आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने शिकायत की कि आरोपियों ने एकतरफा डिग्री और फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया।

मृतक व्यापारी की भूमि हड़पने के लिए फर्जी वसीयत, जाली हस्ताक्षर और एकतरफा डिग्री का सहारा लेने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर थाना बेहट में आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मिशन कंपाउंड निवासी विपिन कुमार अग्रवाल पुत्र रमेश चंद अग्रवाल ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पिता ने वर्ष 2005 में क्षेत्र के ग्राम भोजा सलेमाबाद स्थित भूमि कौसर सईद पत्नी सईद अहमद निवासी मोहल्ला टोली हज्जामान, थाना कोतवाली नगर से खरीदी थी। पिता की वर्ष 2018 में मृत्यु के बाद वह और उनके वारिस जमीन पर काबिज हैं।
आरोप है कि समीर रजा, अब्दुल समद और शाहबाज सईद पुत्रगण सईद अहमद ने प्रवीण कुमार निवासी जैन बाग के साथ मिलकर दीवानी वाद दायर किया और बीमारी व निधन का लाभ उठाकर एकतरफा डिग्री करा ली। बाद में आदेश निरस्त होने पर पुनः फर्जी वकालतनामा और हलफनामा दाखिल कर जाली हस्ताक्षर के आधार पर अपने पक्ष में आदेश करा लिया। पीड़ित का आरोप है कि ब्रह्म सिंह निवासी गौतमबुद्ध नगर और शेर सिंह निवासी अलीपुर उर्फ भागूवाला को गवाह बनाकर फर्जी एग्रीमेंट तैयार किया गया और दो करोड़ रुपये की मांग की गई। शिकायत एसएसपी को भेजी गई, कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर थाना बेहट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



