
शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जे के विरोध में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
Saharanpur News - पाकिस्तान में शिफ्ट हुए एक परिवार की भारत में मौजूद संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। विवाद में सैयद अंजर हुसैन और उनके बेटे शामिल हैं। आरोप है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों से न्यायालय को गुमराह कर कब्जा कर लिया।
पाकिस्तान में शिफ्ट हो गए एक परिवार की भारत में मौजूद संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामले में कोतवाली पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर दारुल उलूम की मजलिस-ए-शूरा के सदस्य सैयद अंजर हुसैन सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं कूटरचित दस्तावेज बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। नगर के मोहल्ला किला निवासी सैयद आरिफ हुसैन का अपने ही परिवार के सय्यद अंजर हुसैन के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उन्होंने एसएसपी सहारनपुर को दिए पत्र बताया था कि परिवार की एक महिला सालेह खातून वर्ष 1989 में पाकिस्तान चली गई थी।
जिसके बाद वह कभी भारत नहीं लौटी। जिनकी संपत्ति मोहल्ला किला पर स्थित है। आरोप है कि दारुल उलूम की मजलिस-ए-शुरा के सदस्य सैयद अंजर हुसैन, उनके पुत्र सैयद मोहम्मद तैयब और सलमान खान ने फर्जी दस्तावेजों से न्यायालय को गुमराह कर उक्त संपत्ति पर अवैध रुप से कब्जा कर लिया। बताया कि इस दौरान सालेह खातून की बेटी इरम अहसन 11 जून 2012 को 30 दिन की वीजा पर भारत आई और सैयद अंजर हुसैन के यहां रुकी। बताया कि वह दो जुलाई 2012 को पाकिस्तान वापिस चली गई। आरोप है कि इस दौरान पिता-पुत्र ने उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए। जिसके जाने के बाद उन्होंने 17 जुलाई 2012 को न्यायालय में फर्जी वाद दायर किया। जिसके आधार पर 11 सितंबर 2012 को डिक्री पारित कर दी गई। आरिफ हुसैन के मुताबिक शत्रू संपत्ति पर इरम अहसन के भाई और पाकिस्तानी नागरिक सैयद अरशद हुसैन के नाम से बिजली कनेक्शन आज भी चल रहा है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने सैयद अंजर हुसैन, सैयद मोहम्मद तैयब और सलमान खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच उपरांत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिवार की संपत्ति की लड़ाई में बजरंग दल की भी हुए एंट्री देवबंद। संपत्ति को लेकर परिवार की जंग में बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक ने शत्रु संपत्ति पर अवैध रुप से मदरसे का संचालन किए जाने की एसएसपी से भी गुहार लगाई। कहा कि मोहल्ला किला पर उक्त मकान नबंर 288 शत्रु संपत्ति है जिस पर अवैध रुप से मदरसे का संचालन किया जा रहा है। उनका आरोप है कि उक्त मदरसे में विदेशो से फंडिंग हो रही है। उन्होंने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




