
सर्वे: बाढ़ से 34 गांवों में 313 किसानों की दो हजार बीघा से ज्यादा फसलें बर्बाद
Saharanpur News - अगस्त माह में हुई बारिश और बाढ़ के कारण जिले के 34 गांवों के 313 किसानों की 2032 बीघा फसलें बर्बाद हो गई हैं। सबसे अधिक नुकसान सदर तहसील में हुआ है, जहां 1500 बीघा फसलें खराब हो गईं। प्रशासन ने...
जिले में अगस्त माह में हुई लगातार बारिश और बाढ़ के चलते खेतों में जलभराव आदि से सैकड़ों किसानों की फसलें चौपट हो गई हैं। राजस्व विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिले के 34 गांवों के 313 किसानों की दो हजार बीघा से ज्यादा फसल बर्बाद हो चुकी है। प्रशासन ने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की तैयारी शुरू कर दी है। सबसे ज्यादा नुकसान सदर तहसील क्षेत्र में हुआ है, जहां 1500 बीघा से अधिक फसलें पानी में डूबकर खराब हो गईं। यहां के किसानों के मुताबिक धान व गन्ने के साथ चारा और दलहनी फसलों में ज्यादा नुकसान है।
नकुड़ तहसील के 11 गांवों में 92 किसानों की करीब 420 बीघा फसल जलभराव की भेंट चढ़ी है, जबकि बेहट क्षेत्र में तीन गांवों के 45 किसानों की लगभग 100 बीघा फसल बर्बाद हुई है। इन इलाकों के किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी उतरने का नाम नहीं ले रहा, जिससे फसलें खड़ी-खड़ी गल सड़ गईं। उधर, देवबंद और रामपुर मनिहारान तहसील में राजस्व टीमों का सर्वे अभी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इन क्षेत्रों में नुकसान कम ही है, हालांकि कई किसानों ने धान व गन्ने के साथ दलहनी फसलों पर असर पड़ने की शिकायत की है। प्रशासन का कहना है कि जैसे ही सर्वे पूरा होगा, प्रभावित किसानों को राजस्व नियमों के तहत मुआवजा वितरित किया जाएगा। -वर्जन -फसल नुकसान का सर्वे अंतिम चरण में है। अगले हफ्ते सभी तहसीलों की रिपोर्ट आ जाएगी। जनहानि व मकान आदि के नुकसान का मुआवजा वितरित कराया जा चुका है। अगले हफ्ते फसल नुकसान का मुआवजा भी वितरित करा दिया जाएगा। जिले में सदर, नकुड़ व बेहट तहसील में 34 गांवों में 313 किसानों की 2032 बीघा फसल खराब होने की सूचना प्राप्त हुई है। सलिल कुमार पटेल, एडीएम वित्त एवं राजस्व

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




