कफ सिरप प्रकरण में सहारनपुर में ईडी की छापेमारी
Saharanpur News - कफ सिरप प्रकरण में सहारनपुर में ईडी की छापेमारी
कोडिन कफ सिरप से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह सहारनपुर में कई ठिकानों पर छापेमारी की। पिछले महीने गिरफ्तार किए गए विभोर राणा और उसके गिरोह से जुड़े स्थानों पर टीम ने पहुंचकर छापेमारी की। ईडी की टीमें सुबह करीब साढ़े सात बजे अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं और वहां दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवान भी तैनात दिखाई दिए। विभोर राणा खुद को श्री रामसेना का संस्थापक एवं अध्यक्ष भी बताता था। उसके गिरोह पर अवैध तरीकों से 200 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बनाने का आरोप है।

बताया जा रहा है कि विभोर राणा का गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कफ सिरप और अन्य प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई से मोटी रकम कमाता था। गौरतलब है कि 12 नवंबर को एसटीएफ ने सहारनपुर से विभोर राणा, उसके भाई और दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद गुरुवार को इसी गिरोह से जुड़े दो और युवकों को एसटीएफ ने लखनऊ से दबोचा था। गिरोह की गतिविधियों और अवैध संपत्ति के स्रोतों की जांच आगे बढ़ाते हुए अब ईडी ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारी दस्तावेज और संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। ईडी की कार्रवाई से पूरे जिले में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


