
सवा माह में ही दहेज की खातिर दिया तीन तलाक
Saharanpur News - एक नवविवाहिता को उसके पति ने शादी के 1.5 महीने बाद तीन तलाक दे दिया। पति और उसके परिवार ने दहेज की मांग की और मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता के भाई ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी पति दुबई भागने की योजना बना रहा है।
एक नवविवाहिता को दहेजलोभी पति ने अपने परिजनों के कहने पर शादी के मात्र सवा माह बाद ही तीन तलाक दे दिया और अब देश छोड़कर भागने की तैयारी कर रहा है। नवविवाहिता के भाई ने बहन के आरोपी पति सहित ससुराल पक्ष के आधा दर्जन के खिलाफ नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। चकरौता मार्ग स्थित पुरानी चुंगी निवासी मोहम्मद आमिर पुत्र हनीफ के मुताबिक, उसकी बहन आफरीन की शादी एक माह पूर्व उत्तराखंड के देहरादून के तेलीवाला निवासी नदीम पुत्र हनीफ के साथ हुई थी। दहेज में बुलेट बाइक सहित जरूरत का सभी सामान दिया गया था। आमिर का आरोप है कि शादी के अगले दिन से ही उसकी बहन को कम दहेज लाने का ससुरालियों ने ताना देकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।आरोप
है कि तीन दिसंबर को पांच लाख नगद और कार की मांग करते हुए आरोपी पति सहित साथ ससुर हनीफ, सास रुकशीदा, दो ननद रुबीना, शाहिन व देवर सरफराज ने आफरीन को गाली गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया और फिर अपने परिजनों के बहकावे में आकर नदीम ने आफरीन को तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया। इसके पश्चात उसकी बहन घर लौट आई और जब आरोपी बहनोई से बात की गई तो उसने धमकी दी कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। क्योंकि 11 दिसंबर 2025 को वह दुबई जा रहा है। मोहम्मद आमिर ने नगर कोतवाली में बहन के आरोपी पति सहित आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर नेमचंद ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




