डीआईजी के नाम व फोटो से बनाई फर्जी फेसबुक आईडी
सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर एक अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाई है। उपनिरीक्षक आशीष चौधरी ने द्वार इस मामले की रिपोर्ट दर्ज की है। फर्जी आईडी से धनराशि की मांग और धोखाधड़ी की आशंका व्यक्त की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस उप महानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम थाना सहारनपुर में तैनात उपनिरीक्षक आशीष चौधरी ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उपनिरीक्षक आशीष चौधरी के अनुसार फेसबुक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अवलोकन के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि डीआईजी अभिषेक सिंह के नाम और फोटो का दुरुपयोग करते हुए फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई गई है, जो असल आईडी के रूप में प्रदर्शित की जा रही है। इससे आमजन व परिचितों में भ्रम पैदा होने की आशंका है।
उपनिरीक्षक का कहना है कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की पहचान का दुरुपयोग कर बनाई गई इस फर्जी आईडी के जरिये किसी से धनराशि की मांग, धोखाधड़ी अथवा आपत्तिजनक संदेश प्रसारित किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, जिससे अधिकारी व विभाग की छवि को नुकसान पहुंच सकता है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


