
सरसावा में अंबाला हाईवे पर दो करोड़ की लागत से हो रहे नाला निर्माण की दीवार ढही
Saharanpur News - अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर पालिका द्वारा दो करोड़ रुपये की लागत से नाले का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन ठेकेदार द्वारा की जा रही लापरवाही के कारण नाले की दीवार अचानक गिर गई, जिससे 10 मजदूरों की जान जोखिम में आ गई। सभासदों ने घटिया सामग्री और निगरानी की कमी का आरोप लगाया है।
कस्बे के बीचो-बीच से होकर गुजर रहे अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर पालिका द्वारा लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण कराया जा रहा है। हालांकि ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे कार्य की गुणवत्ता पर अब सवाल उठने लगे हैं। अंबाला रोड स्थित सेंट मैरी एकेडमी के सामने बनाए जा रहे नाले की दीवार अचानक ढह गई। उस समय नाले के निर्माण में करीब 10 मजदूर कार्य कर रहे थे, जिन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मजदूर वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभासद डॉ. सचिन चौधरी ने नाला निर्माण में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नाले का निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है और अब तक नाला दो बार टूट चुका है। कभी दीवारों में दरारें आ जाती हैं तो कभी पूरी दीवार ही गिर जाती है। सभासद डॉ. वजीर मलिक ने ठेकेदार और अभियंता पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब से नाला निर्माण शुरू हुआ है, संबंधित अधिकारी मौके पर आकर कार्य की निगरानी तक नहीं कर रहे हैं। गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग नहीं होने के कारण नाला बार-बार गिर रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की जांच कराए जाने की मांग की है। वहीं, सभासद नवीन चौधरी ने जिलाधिकारी से कुशल इंजीनियरों द्वारा नाला निर्माण की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नाला निर्माण का कार्य अभी अधूरा है, इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके चलते अब तक दो लोगों की मौत भी हो चुकी है, लेकिन नगर पालिका इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। वर्जन नाला निर्माण में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। दो दिन पहले ही नाले का निर्माण कराया गया था। ठेकेदार द्वारा पानी का बांध लगाया गया था, लेकिन अचानक पानी ओवरफ्लो हो गया, जिस कारण नाले की दीवार गिर गई। - कोमल पंवार नगर पालिका अध्यक्ष

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




