
मौसम:धूप निकलने से मिली राहत, शाम को ठिठुरन बढ़ी
Saharanpur News - मंगलवार रात की बारिश के बाद बुधवार सुबह धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन शाम होते-होते सर्दी बढ़ गई। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण लोग परेशान हैं। रैन बसेरा पूरी तरह भर गया और अलाव जलाने वाले लोग ठंड से बचने के उपाय कर रहे हैं।
मंगलवार की रात हुई बारिश के बाद बुधवार की सुबह धूप निकलने से लोगों को सर्दी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई। दिन और रात के तापमान में बढ़ते अंतर के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय धूप निकलने से बाजारों और सड़कों पर हलचल दिखाई दी, लेकिन शाम ढलते ही ठंडी हवाओं के चलते लोगों की आवाजाही कम हो गई। शहर में सर्दी से बचाव के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते नजर आए। नगर निगम द्वारा संचालित रैन बसेरा और जिला अस्पताल परिसर में स्थित रैन बसेरा शाम छह बजते ही पूरी तरह भर गया।
बेघर और जरूरतमंद लोगों ने यहां शरण लेकर ठंड से राहत पाई। इसके अलावा शहर के कई इलाकों में लोगों को अलाव जलाते हुए देखा गया, जहां राहगीर और स्थानीय लोग आग तापकर सर्दी से बचते नजर आए। बाजारों में भी सर्दी का असर साफ दिखाई दिया। शाम के समय आम दिनों की तुलना में दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम रही। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जिले का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




