छठ पूजाः उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर हुआ छठ पर्व का समापन
भगवान सूर्य की पहली आभा दिखाई पड़ते ही व्रती महिलाओं के चेहरे खिल गए। सोमवार को बड़ी नहर के घाट पर मौजूद हजारों की संख्या में महिलाओं ने उगते हुए...

भगवान सूर्य की पहली आभा दिखाई पड़ते ही व्रती महिलाओं के चेहरे खिल गए। सोमवार को बड़ी नहर के घाट पर मौजूद हजारों की संख्या में महिलाओं ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर छठ मइया का व्रत पूर्ण किया। सूर्य की पहली किरण के दिखते ही अर्घ्य देने का सिलसिला शुरु हो गया। सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों से चल रहा छठ पर्व समाप्त हो गया।
मानकमऊ स्थित बड़ी नहर व पांवधोई नदी के घाट पर बड़ी संख्या में महिलाएं सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पहुंची। महिलाओं ने पानी में खड़े रहकर सूर्य देव के दिखाई देने की प्रतीक्षा की। आस्था की गरमी ठंड़े पानी पर भारी पड़ी। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद कलश व वेदी का विसर्जन किया गया। इसके बाद प्रसाद का वितरण हुआ। 36 घंटे से व्रतधारी महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत पूर्ण किया। महिलाओं ने सूर्य भगवान व षष्ठी माता से पति की लंबी उम्र व संतानों के सुख की कामना की। बड़ों से आशीर्वाद में सुख,शांति की कामना की गई।
--
जितना लंबा सिंदूर उतनी लंबी पति की उम्र
सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदुर लगाया। व्रती महिलाओं ने बताया कि ऐसी मान्यता है कि जितना लंबा सिंदूर होगा उतनी ही लंबी पति की उम्र होंगी।
---
रात भर चला भक्तिपूर्ण गानों का सिलसिला
रविवार को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने रातभर जागरण किया। इस दौरान भगवान सूर्य व षष्ठी माता के गीत गाए गए। महिलाओं ने सूर्य भगवान व षष्ठी माता से संतानों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
--
नहाए-खाए से शुरु हुआ था पर्व
चार दिनों तक चलने वाले छठ पर्व की शुरुआत नहाए-खाए के साथ होती है। इसके बाद खरना की परंपरा होती है। जबकि तीसरे दिन डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। चौथे दिन व्रती महिलाएं उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूर्ण करती है।
---
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
छठ पर्व को लेकर बड़ी नहर व पांवधोई घाट पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। इसके साथ ही किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर एंबुलेंस भी मौजूद रही। पुलिस द्वारा बैरिकेंडिग की गई थी। इस दौरान एसएसपी डॉ विपिन ताड़ा ने स्वयं घाट पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
---
पूर्व विधायक संजय गर्ग भी घाट पर पहुंचे
छठ पर्व पर विधायक संजय गर्ग ने घाट पर पहुंचे और लोगों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने सभी भक्तों को छठ पर्व की बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने छठ पूजा सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार प्रकट किया।
