ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश सहारनपुरकोहरे को चीर रोडवेज बसों को राह दिखाएगा ऑल वेदर बल्ब

कोहरे को चीर रोडवेज बसों को राह दिखाएगा ऑल वेदर बल्ब

मौसम के करवट लेते ही कोहरे का दौर शुरू हो गया है। कोहरे में भी बसों को निर्धारित रफ्तार में दौड़ाने के लिए परिवहन निगम ने 292 बसों में ऑल वेदर बल्ब...

कोहरे को चीर रोडवेज बसों को राह दिखाएगा ऑल वेदर बल्ब
हिन्दुस्तान टीम,सहारनपुरTue, 29 Dec 2020 11:54 PM
ऐप पर पढ़ें

मौसम के करवट लेते ही कोहरे का दौर शुरू हो गया है। कोहरे में भी बसों को निर्धारित रफ्तार में दौड़ाने के लिए परिवहन निगम ने 292 बसों में ऑल वेदर बल्ब लगाए हैं। जिससे रोडवेज के चालकों को घने कोहरे में भी 200 मीटर तक रास्ता साफ दिखाई पड़ेगा। इससे यात्रियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुंचाने में आसानी होगी।

सहारनपुर, छुटमलपुर और गंगोह परिवहन निगम के बेड़े में कुल 292 बसें हैं। इनमें अनुबंधित 139 बसें शामिल हैं। इसके साथ परिवहन निगम की बसों के लिए ऑल वेदर बल्ब रिजर्व में रखे गए हैं। जिससे जिन बसों के बल्ब फ्यूज होंगे उन्हें बदलने में आसानी होगी। सहारनपुर से हर रोज दिल्ली समेत देहरादून, हरिद्वार, लखनऊ, अलीगढ़, आगरा के लिए बसें रवाना होती हैं।

परिवहन निगम की बसों में लगने वाले ऑल वेदर बल्ब की खासियत है कि वह घने कोहरे में बसों के सामने 200 मीटर तक कोहरे को काटकर रास्ता साफ कर देता है। इससे चालकों को बसों को दौड़ाने में जहां आसानी होती है। वहीं, चालक व परिचालक समेत बस के यात्रियों को भी सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में आसानी होती है। यह बल्ब कोहरे को काटने में कारगर साबित होता है। बल्ब न्यूनतम एक साल तक काम करता है, जबकि अधिकतम इसकी कोई मियाद नहीं है।

-निगम ने चार साल पहले ही खत्म कर दिया फॉग लाइट

परिवहन निगम ने चार साल पहले फॉग लाइट का कॉन्सेप्ट खत्म कर दिया है। इससे पहले निगम की बसों में फॉग लाइट लगाई जाती थी। मगर सड़कों को गड्ढे व जर्क के कारण फॉग लाइट अक्सर टूटकर गिर जाती थी। जिससे चालकों को कोहरे में बसों को दौड़ाने में परेशानी झेलनी पड़ती थी।

-वर्जन

मौसम के करवट लेने से कोहरे का दौर शुरू हो गया है। इसलिए यात्रियों की सुरक्षित यात्रा को देखते हुए परिवहन निगम की सभी 292 बसों में ऑल वेदर बल्ब लगा दिए गए हैं। जिन बसों के बल्ब फ्यूज हो जाते हैं, उन्हें तत्काल बदल दिया जाता है। इसलिए बदले मौसम में कोहरे के दौरान भी रोडवेज की बसों में यात्रा करना सुरक्षित है।

-जगदीश सिंह, एआरएम, परिवहन निगम

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें