जिस नौकर पर था भरोसा, उसी ने लुटवाए मालिक के 7 लाख; पुलिस मुठभेड़ में खुला पूरा राज

Nov 22, 2025 07:45 pm ISTPawan Kumar Sharma वरिष्ठ संवाददाता, सहारनपुर
share

सहारनपुर में गन प्वाइंट पर व्यापारी से हुई सात लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुठभेड़ के बाद दो लुटेरे घायल अवस्था में गिरफ्तार हुए और उनके साथ ही व्यापारी के पास काम करने वाले दो नौकरों को भी पकड़ा गया। दोनों नौकरों ने ही लूट की साजिश रची थी।

जिस नौकर पर था भरोसा, उसी ने लुटवाए मालिक के 7 लाख; पुलिस मुठभेड़ में खुला पूरा राज

यूपी के सहारनपुर में दो दिन पूर्व जनकपुरी थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्टनगर में गन प्वाइंट पर चोकर व्यापारी से हुई सात लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद दो लुटेरे घायल अवस्था में गिरफ्तार हुए और उनके साथ ही व्यापारी के पास काम करने वाले दो नौकरों को भी पकड़ा गया। दोनों नौकरों ने ही लूट की साजिश रची थी।

एसएसपी आशीष तिवारी ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि शनिवार को थाना जनकपुरी पुलिस व एसओजी टीम को मुखबिर द्वारा सूचना मिली की बाइक सवार हथियारबंद तीन लोग किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है और वह माहिपुरा तिराहे से पुंवारका की तरफ जा रहे है। जिसके बाद थाना जनकपुरी पुलिस व एसओजी टीम ने संदिग्ध बाइक सवारों का पीछा किया तो वह पुलिस टीम को देखकर भागने और ग्राम खुर्द ढमोला नदी के किनारे बाइक फिसलने से गिर गए। पुलिस टीम को नजदीक आता देख बदमाशों ने उनपर फायरिंग कर दी।

पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मैनपाल पुत्र लहन सिंह निवासी डोडा कल्याणपुर थाना गंगनहर रुड़की जिला हरिद्वार, इरफान पुत्र कदीर निवासी समौली थाना दौराला जिला मेरठ के रूप में हुई। उनके कब्जे से दो तमंचे, सात कारतूस, 6.30 लाख रुपये और बाइक बरामद की है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने फरार साथी के साथ मिलकर गुरुवार को ट्रांसपोर्टनगर में चोकर व्यापारी संजीव मेहंदीरत्ता से तमंचा दिखाकर सात लाख रुपये लूट लिए थे, जिसमें से 4.30 लाख हमारे पास थे और 70 हजार फरार साथी लेकर भाग गया है और दो लाख रुपये लूट की घटना प्लानिंग कराने और सूचना देने के लिए व्यापारी के यहां काम करने वाले नौकर फिरोज और रवीश को दिए है। इस मामले के खुलासे के लिए एसएसपी द्वारा चार टीमों का गठन किया गया था। फिलहाल फरार लूटेरे की तलाश तेज कर दी गई है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।