Saharanpur Masjid Demolition Live: सहारनपुर में 120 साल पुरानी मस्जिद जमींदोज, अखिलेश बोले- ऐसे लोग सनातनी नहीं हो सकते

लाइव हिन्दुस्तान, सहारनपुर
Follow us on Google News
share

Saharanpur Masjid Demolition Live: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित  मस्जिद शनिवार को पूरी तरह जमींदोज हो गई। कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ ध्वस्तीकरण दिनभर चला और देखते ही देखते मस्जिद का पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया।

Saharanpur Masjid Demolition Live: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित करीब 120 साल पुरानी बताई जा रही मस्जिद 570 दिन की शिकायत, जांच और अदालती कार्रवाई के बाद शनिवार को पूरी तरह जमींदोज हो गई। कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ ध्वस्तीकरण दिनभर चला और देखते ही देखते मस्जिद का पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया। चार जेसीबी मशीनों से मस्जिद को गिराया गया और नगर निगम के आधा दर्जन से अधिक डंपरों से मलबा कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर भेजा गया। इस दौरान काफी गहमा-गहमी का मौका रहा।

मस्जिद के ध्वस्तीकरण से पहले रातभर बेदखली और सीलिंग की कार्रवाई चली। इसके बाद सुबह से जेसीबी ने मस्जिद को गिराना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर छावनी में तब्दील रहा। सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्ट्रेट के सभी प्रवेश द्वार बंद रखे गए। 10 से अधिक थानों की पुलिस फोर्स के साथ पीएसी तैनात रही।

गौरतलब है कि सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया था। बताया गया कि जिला न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई की गई थी। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।

Saharanpur Masjid Demolition Live update:

Saharanpur Masjid Demolition Live- 6.45 बजे: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में करीब 120 साल पुरानी मस्जिद गिराए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मस्जिद गिराए जाने पर दुख जताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को नफरत और विभाजनकारी राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने दिया जा सकता। अजय राय ने एक्स पर पोस्ट कर सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में वर्ष 1911 में बनी मस्जिद को गिराए जाने को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि नफरत और विभाजन की राजनीति से समाज मजबूत नहीं होता, बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारा कमजोर होता है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी स्पष्ट रूप से मानती है कि उत्तर प्रदेश में हर धर्म, हर समुदाय और हर नागरिक के साथ न्याय होना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार से धार्मिक स्थलों और लोगों के अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील की।

Saharanpur Masjid Demolition Live- 4.00 बजे: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा सच्चा हिंदू कभी दूसरों का अपमान नहीं करता। हमने तो यही सनातन में यही सीखा है। वसुधैव कुटुंबकम यही बताता है कि पूरा विश्व एक परिवार है। सच्चा सनातनी सौहर्द पसंद लोग हैं। सौहार्द सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। ये इसलिए हो रहा है क्योंकि भगवान प्रभु श्रीराम के धन में चोरी करते हुए ये लोग पकड़े गए। SIT बनाकर जेल भेजने वाली बात से इनका सब कुछ छिन गया। जनता जान गई है कि ये किस तरह के लोग हैं इसलिए वे इसे सांप्रदायिक एंगल दे रहे हैं। क्या हाई कोर्ट में न्याय नहीं मिल सकता था? क्या अपील के लिए वे लोग सुप्रीम कोर्ट में नहीं जा सकते थे? अधिकारियों ने सरकार के इशारे पर ये काम किया है जिससे अगली कोर्ट में उन्हें न्याय ना मिल जाए।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 2.00 बजे: सहारनपुर देहात के SP MLA आशु मलिक ने कहा, ‘यह बहुत बुरा और दुख की बात है। सहारनपुर अपनी हिंदू-मुस्लिम गंगा-जमुनी तहज़ीब के लिए जाना जाता है, जहाँ लोग हमेशा शांति से साथ रहते आए हैं। जहां मां शाकुंभरी देवी मंदिर है, वहाँ दारुल उलूम भी है। यहां सभी समुदायों के लोग साथ रहते हैं। मस्जिद से कभी किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई, और किसी भी धर्म या जाति के किसी भी व्यक्ति ने कभी कोई एतराज़ नहीं जताया। यह मस्जिद नई नहीं है। यह आज़ादी से पहले, 1911 में बनी थी, और आज भी इसका मालिकाना हक उन्हीं लोगों के नाम पर है जिन्होंने ज़मीन दान की थी।’

Saharanpur Masjid Demolition Live, 1.35 बजे: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सहारनपुर के कलेक्ट्रेट में मस्जिद के ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर कहा, 'वे लोग सनातनी कभी नहीं हो सकते जो दूसरे धर्मों का सम्मान न करते हों, जो दूसरे की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हों। एक सच्चा हिंदू कभी दूसरे का अपमान नहीं कर सकता। हमने तो यही सनातन में सीखा है। वसुधैव कुटुंबकम यही बताता है कि पूरा विश्व एक परिवार है... सच्चा सनातनी सौहर्द पसंद लोग हैं। सौहार्द सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है... ये इसलिए हो रहा है क्योंकि भगवान प्रभु श्री राम के धन में चोरी करते हुए ये लोग पकड़े गए... चढ़ावे की चोरी में ये लोग पकड़े गए। SIT बनाकर जेल भेजने वाली बात से इनका सब कुछ छिन गया। जनता जान गई है कि ये किस तरह के लोग हैं इसलिए वे इसे सांप्रदायिक एंगल दे रहे हैं। क्या हाई कोर्ट में न्याय नहीं मिल सकता था? क्या अपील के लिए वे लोग सुप्रीम कोर्ट में नहीं जा सकते थे? अधिकारियों ने सरकार के इशारे पर ये काम किया है जिससे अगली कोर्ट में उन्हें न्याय ना मिल जाए...'

Saharanpur Masjid Demolition Live, 1.30 बजे: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित करीब 120 साल पुरानी मस्जिद आखिरकार शनिवार को पूरी तरह जमींदोज हो गई। कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ ध्वस्तीकरण दिनभर चला और देखते ही देखते मस्जिद का पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 1.00 बजे: इमरान प्रतापगढ़ मस्जिद गिराने को लेकर कहा, 'सरकार को अगर 100 साल पुरानी बनी मस्जिदें भी अवैध लगती हैं तो फिर देश में सबकुछ ही अवैध है, विकास प्राधिकरण के गठन से पहले बना जौहर विश्वविद्यालय का निर्माण अवैध लगता है, कलेक्ट्रेट बनने से पहले बनी अंग्रेज़ों के समय की मस्जिद अवैध लगती है, सरकार की नज़र में हर मुसलमान अवैध है, ये खेल कहॉं तक और कब तक चलेगा ? अपने ही देश के नागरिकों और उनके धर्मस्थलों को अगर सरकारी साज़िश के साथ गिराया जायेगा तो कहने को क्या ही रह जायेगा।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 12.30 बजे: सांसद इकरा हसन ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘निचली सिविल कोर्ट का आदेश आया था, उसके बाद पूरी मस्जिद को सील कर दिया गया और आसपास बैरिकेडिंग लगा दी गई। इस बीच, लोग अधिकारियों से बात करके इस मामले में कुछ समय की गुज़ारिश करना चाहते थे। लोग हाई कोर्ट जाना चाहते थे, लेकिन समय नहीं दिया गया और सहारनपुर ज़िले के सभी प्रमुख लोगों को हाउस अरेस्ट किया गया। सुबह-सुबह मस्जिद को ढहा दिया गया। यह शर्मनाक है। यह इतना बड़ा गुनाह है कि उन्हें इसका अंजाम ज़रूर भुगतना होगा... हम इस मामले को कोर्ट में ले जाएंगे।’

Saharanpur Masjid Demolition Live, 12.00 बजे: सहारनपुर नगर से भाजपा विधायक राजीव गुंबर ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद पर हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर कहा, ‘कानून अपना काम कर रहा है। यदि कहीं कोई अवैध निर्माण हुआ है, सरकारी जमीन पर निर्माण हुआ है और उसके पुख्ता सबूत आए हैं, सिटी मजिस्ट्रेट ने इन सबूतों को देखा और मस्जिद को अवैध घोषित किया। कुछ लोग कोर्ट गए लेकिन कोर्ट ने सिटी मजिस्ट्रेट के निर्णय पर मुहर लगाते हुए ये माना कि मस्जिद सरकारी जमीन पर बनी हुई है... कोर्ट का निर्णय स्वागत योग्य है। हम सभी लोग भारत में संविधान का पालन करने वाले लोग हैं... ये कानून का निर्णय है जो हम सभी को मानना होगा। कुछ लोग बयानबाजी करके लोगों को बेवकूफ बनाने का काम कर रहे हैं, अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रहे हैं। मेरा उनसे आग्रह है कि सहारनपुर के सौहार्द को बिगाड़ने का काम ना करें। सहारनपुर के लोगों ने हमेशा कानून का सम्मान किया है और कानून का सम्मान किया जाएगा।'

Saharanpur Masjid Demolition Live, 11.45 बजे: एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन औवैसी ने एक्स पर लिखा, ‘सहारनपुर कलेक्ट्रेट में मौजूद मस्जिद को आज सुबह 5 बजे ढहा दिया गया। क्या मुसलमानों के लिए अब मज़हबी आज़ादी का संवैधानिक हक़ भी नहीं बचा है? हमारी इबादतगाहों पर बार-बार कमज़ोर और मनगढ़ंत वजहों के नाम पर बुलडोज़र क्यों चलाया जाता है? मस्जिद कमेटी ने 1911 के दस्तावेज़ अदालत में पेश करके यह साबित करने की कोशिश की कि यह मस्जिद कलेक्ट्रेट से पहले से मौजूद थी। एक सदी से भी ज़्यादा वक़्त से वहाँ लगातार नमाज़ होती रही है। यानी यह कोई आज खड़ी कर दी गई इमारत नहीं है, बल्कि लंबे अरसे से एक इबादतगाह के तौर पर इस्तेमाल होती रही है। यही वक़्फ़ बाय यूज़र की बुनियाद है, जिसे क़ानून में भी मान्यता मिली है।’

Saharanpur Masjid Demolition Live, 11.30 बजे: बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘सहारनपुर की मस्जिद सहित पूरे उत्तर प्रदेश में आए दिन मस्जिदों को काफी आपाधापी में अवैध बताकर उनको ध्वस्त करने का जो सरकारी अभियान चल रहा है वह ठीक नहीं है। सरकार को ऐसे निगेटिव हालात से बचने के लिये इस पर तुरंत रोक लगाकर इसके समाधान के अन्य उपाय ज़रूर करने चाहिये। वैसे भी एक संवैधानिक सेक्युलर सरकार द्वारा सभी धर्मों के मानने वालों एवं उनके धार्मिक स्थलों समेत अन्य का एक समान आदर-सम्मान और उनकी सुरक्षा करने का उत्तरदायित्व बनता है। इस्लाम मज़हब में मस्जिदें हर दिन इबादत बल्कि दिन में कई बार जमात के साथ नमाज़ पढ़ने का मुख्य व अभिन्न अंग हैं, जिसको ध्यान में रखकर भारतीय परम्परा के अनुसार सम्मान देना देश व व्यापक जनहित में ज़रूरी है।’

Saharanpur Masjid Demolition Live, 11.05 बजे: सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, ‘इकरा हसन हमारी पार्टी की सांसद हैं। जो जानकारी मिली है कि वहां के विधायक को, वहां के लोगों को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। ये उनका संवैधानिक अधिकार है और इस संवैधानिक अधिकार को भाजपा पूरी तरह से रौंदना चाहती है, बल्कि रौंद रही है। लोकतंत्र केलिए इससे बड़ा खतरा कुछ नहीं हो सकता। लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का काम भाजपा की सरकार कर रही है। किसी घटना के समय वहां के जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी होती है वहां पर जाना, जनता से बात करना। ये सब उसके अधिकार क्षेत्र में होता है... जिस तरह का माहौल भाजपा लगातार बना रही है।’

Saharanpur Masjid Demolition Live, 10.30 बजे: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद प्रकरण को लेकर कैराना सांसद इकरा हसन को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है।देर रात में ही सांसद के आवास के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।बताया गया कि सांसद सहारनपुर जाने की तैयारी कर रही थीं, इसी दौरान रात में भारी संख्या में पुलिस बल उनके कैराना स्थित आवास पर पहुंच गया और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया।

हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद सांसद इकरा हसन ने कहा कि उन्हें सहारनपुर जाने से रोकने के लिए उनके आवास पर पुलिस बल तैनात किया गया। उन्होंने कहा कि वह सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण के संबंध में अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की जनता की आवाज उनके सामने रखना चाहती थीं, लेकिन उन्हें घर से बाहर निकलने तक नहीं दिया गया।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 9.30 बजे: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद पर हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, टकल पूरी रात हमारे लोग जागते रहे, हम लगातार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास करते रहे। मस्जिद को ध्वस्त नहीं किया गया है बल्कि वहां संविधान की धज्जियां उड़ाई गई हैं। संविधान में जो अधिकार दिए गए हैं, उन्हें रौंदा गया है। मस्जिद 1911 से पहले की है, मस्जिद की मलकियत आज भी वहीद खान याकूब खां के नाम है। आज का दिन सहारनपुर के लोगों के लिए काला दिन है... हम लोग इस लड़ाई को मजबूती के साथ कानून के दायरे में रहकर लड़ेंगे।'

Saharanpur Masjid Demolition Live, 9.15 बजे: DIG अभिषेक सिंह ने कहा, ‘सहारनपुर के कलेक्ट्रेट में एक मस्जिद थी, जिसको सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध पाया गया था। इस आदेश के खिलाफ मस्जिद कमेटी फर्स्ट अपील में गई थी, उनकी अपील खारिज हो गई है। सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को पुष्ट किया गया है। इस अवैध निर्माण की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है...सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है और अगर कोई किसी तरह की अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’

Saharanpur Masjid Demolition Live, 9.05 बजे: कलेक्ट्रेट मस्जिद का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा ध्वस्त किया जा चुका है। अभी कार्रवाई आगे जारी है। दो जेसीबी से ध्वस्तीकरण का काम जारी। नगर निगम के आधा दर्जन से अधिक डंपर मलबा लेकर कलेक्ट्रेट से बाहर निकालने में लगे हैं।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 8.25 बजे: कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल और सीओ द्वितीय मनोज यादव समेत अन्य अधिकारी कलेक्ट्रेट में मौजूद रहे। मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर शहर में भी चर्चा बनी रही। इस बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। कलेक्ट्रेट के आसपास सुरक्षा बढ़ाए जाने के कारण पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जैसा माहौल बना रहा। पुलिस बल लगातार निगरानी करता रहा।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 8.15 बजे: कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू होते ही पूरा इलाका कड़ी सुरक्षा में घिर गया। रातभर चली बेदखली और सीलिंग की कार्रवाई के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण के दौरान कलेक्ट्रेट के आसपास सुरक्षा और बढ़ा दी। कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात रही और कलेक्ट्रेट के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 8.05 बजे: सरकारी जमीन पर बनी बताई जा रही मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया है।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 7.40 बजे: सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद पर रातभर बेदखली की कार्रवाई चली और ध्वस्तीकरण की तैयारी तेज कर दी गई। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद में सीलिंग की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। मौके पर कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात है। मस्जिद को गिराए जाने की चर्चा के बीच प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के चारों ओर सुरक्षा बढ़ा दी। 10 से अधिक थानों की फोर्स तैनात कर कलेक्ट्रेट के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 7.30 बजे: मस्जिद और उसके आसपास के क्षेत्र में पुलिस की निगरानी लगातार बनी रही। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल और सीओ द्वितीय मनोज यादव समेत अन्य अधिकारी कलेक्ट्रेट में मौजूद रहे। मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर शहर में भी चर्चा बनी रही। इस बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। कलेक्ट्रेट के आसपास सुरक्षा बढ़ाए जाने के कारण पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जैसा माहौल बना रहा। पुलिस बल लगातार निगरानी करता रहा।

Saharanpur Masjid Demolition Live, 7 बजे: जमीन को सरकारी बताते हुए मस्जिद को अवैध ठहराने वाले कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज की। जिला जज ने भी निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखा था। इसके बाद मस्जिद को हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 10 से ज्यादा थानों की फोर्स को कलेक्ट्रेट के आसपास लगाया गया।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP NewsLive: सहारनपुर में 120 साल पुरानी मस्जिद,अखिलेश बोले- वे लोग सनातनी नहीं हो सकते