रेलवे कर्मियों की बल्ले-बल्ले, वंदे भारत-प्रयागराज एक्सप्रेस समेत 155 ट्रेनों के रनिंग स्टाफ को मिलेगा स्पेशल भत्ता

वरिष्ठ संवाददाता, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

प्रयागराज एक्सप्रेस, वंदे भारत समेत देश की 155 प्रमुख ट्रेनों को आधिकारिक रूप से हाई स्पीड श्रेणी में शामिल कर लिया है। इस फैसले के बाद इन ट्रेनों का संचालन करने वाले लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर (गार्ड) को विशेष हाई स्पीड भत्ते का लाभ मिलेगा।

Running staff of 155 trains including Vande Bharat Prayagraj Express will get special high speed allowance

UP News: रेलवे बोर्ड ने प्रयागराज एक्सप्रेस, वंदे भारत समेत देश की 155 प्रमुख ट्रेनों को आधिकारिक रूप से हाई स्पीड श्रेणी में शामिल कर लिया है। इस फैसले के बाद इन ट्रेनों का संचालन करने वाले लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर (गार्ड) को विशेष हाई स्पीड भत्ते का लाभ मिलेगा। इससे रनिंग स्टाफ के वेतन में हर महीने पांच से दस हजार रुपये तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी सूची में वंदे भारत, राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और तेजस जैसी आधुनिक ट्रेनों के साथ प्रयागराज एक्सप्रेस, महाबोधि, शिवगंगा और श्रमशक्ति एक्सप्रेस को भी शामिल किया गया है। अभी तक ये ट्रेनें तेज रफ्तार से चलने के बावजूद तकनीकी रूप से हाई स्पीड सूची में शामिल नहीं थीं, जिसके कारण कर्मचारियों को विशेष भत्ता नहीं मिल पा रहा था।नई व्यवस्था के तहत लोको पायलटों की माइलेज दर प्रति 100 किलोमीटर 485 रुपये से बढ़ाकर 606 रुपये कर दी गई है, जबकि गार्ड के लिए यह 439 रुपये से बढ़कर 549 रुपये हो गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर ट्रेन संचालन बेहद चुनौतीपूर्ण और उच्च एकाग्रता वाला कार्य है, इसलिए यह भत्ता कर्मचारियों की विशेष कार्यक्षमता का सम्मान माना जा रहा है। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि इस सूची में प्रयागराज एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को शामिल किया गया है। रनिंग कर्मचारियों के भत्ता में बढ़ोत्तरी की गई है।

रेलवे स्टेशनों पर अब मिलेगी ई- चार्जिंग की सुविधा

इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के बीच अब रेलवे भी ई-वाहन चालकों को सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे ने कई रेलवे स्टेशनों के बाहर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रयागराज मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें नैनी रेलवे स्टेशन, मानिकपुर रेलवे स्टेशन, चुनार रेलवे स्टेशन और छिवकी रेलवे स्टेशन शामिल हैं। नैनी स्टेशन परिसर में जेल रोड की ओर चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा, जबकि छिवकी रेलवे स्टेशन पर आरटीओ कार्यालय की ओर यह सुविधा विकसित की जाएगी।

कंबल-बेडशीट की धुलाई को 70 करोड़ की लॉन्ड्री बनेगी

प्रयागराज मंडल के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जल्द साफ-सुथरे कंबल, चादर और तकिया कवर मिलने की सुविधा और बेहतर होने जा रही है। उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज केसीएनबी कोचिंग डिपो में अत्याधुनिक मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए करीब 70.71 करोड़ रुपये का ई-टेंडर जारी किया गया है। यह लॉन्ड्री बूट मॉडल पर तैयार की जाएगी और अगले 10 वर्षों तक संचालित होगी। यहां ट्रेनों में इस्तेमाल होने वाले लिनेन यानी बेडशीट, कंबल, तकिया कवर और तौलियों की मशीनों से धुलाई होगी। रेलवे का मानना है कि इससे यात्रियों को पहले से ज्यादा साफ और बेहतर गुणवत्ता वाला लिनेन मिल सकेगा।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsरेलवे कर्मियों की बल्ले-बल्ले, 155 ट्रेनों के रनिंग स्टाफ को मिलेगा स्पेशल भत्ता