दो बाइकों को रौंदते हुए पलटा बेकाबू ट्रक; छात्रा समेत 2 की मौत, कन्नौज में दर्दनाक हादसा
कन्नौज में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। जिसमें एक छात्रा और एक बुजुर्ग शामिल हैं। इस घटना में 5 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि बेकाबू ट्रक दो बाइकों को टक्कर मारता हुआ दुकान में घुस गया।

कन्नोज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह तालग्राम रोड पर भावलपुर के पास कोयला लदा एक बेकाबू ट्रक दो बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे स्थित लकड़ी के खोखे (दुकान) पर पलट गया। हादसे में 17 वर्षीय छात्रा और एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार ट्रक तालग्राम की ओर जा रहा था। भावलपुर गांव के पास चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। ट्रक ने पहले दो बाइक सवारों को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खोखे पर पलट गया। उस समय वहां मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्रेन की मदद से ट्रक हटाकर यातायात बहाल किया गया। फरार चालक की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
छात्रा अंशिका और बुजुर्ग की हादसे में मौत
मृतकों की पहचान दुर्गा नगर की अंशिका (14) और भावलपुर के कन्हैयालाल (65) के रूप में हुई है। अंशिका हाईस्कूल की स्टूडेंट है और कोचिंग के लिए जा रही थी। जबकि बुजुर्ग उसी बाजार में फल की दुकान है। सड़क हादसे में जान गंवाने वाली अंशिका अपने परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसकी असमय मौत से घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर कोई इस दुखद घटना से सदमे में है।
विधायक ने जाना घायलों का हाल
वहीं हादसे में जान गंवाने वाले कन्हैयालाल अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और तीन बेटियां शामिल हैं, और सभी की शादी हो चुकी है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक अर्चना पांडेय मौके पर पहुंचीं और अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना। प्रशासनिक अधिकारी भी तुरंत सक्रिय हो गए। एडीएम देवेंद्र कुमार और एडिशनल एसपी अजय कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
10-10 लाख के मुआवजे की मांग
राजनीतिक स्तर पर भी इस घटना को लेकर संवेदनाएं जताई गईं। सपा के पूर्व विधायक अरविंद यादव ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।


