यूपी उपचुनाव में संघ भी संभालेगा भाजपा संग मोर्चा, बैठक में इन पांच बातों पर रहा फोकस

यूपी उपचुनाव में संघ भी संभालेगा भाजपा संग मोर्चा, बैठक में इन पांच बातों पर रहा फोकस

संक्षेप:

लखनऊ में संघ और भाजपा की समन्वय बैठक मुख्यमंत्री आवास में हुई। संघ के सह सरकार्यवाह और भाजपा संग समन्वय का काम देख रहे अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में सरकार और संगठन से विभिन्न विषयों पर विस्तार से बात की।

Aug 22, 2024 07:03 am ISTDeep Pandey हिन्दुस्तान
share

भाजपा के अंत:पुर में सियासी तल्खियां घटने के बाद संघ और भाजपा की समन्वय बैठक बुधवार शाम मुख्यमंत्री आवास में हुई। संघ के सह सरकार्यवाह और भाजपा संग समन्वय का काम देख रहे अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में सरकार और संगठन से विभिन्न विषयों पर विस्तार से बात की। विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे नेरेटिव पर चिंता जताई। संघ और भाजपा इसकी काट के लिए साझा मुहिम चलाएंगे। नसीहत दी कि बेवजह की बयानबाजी से बचें। सरकार व संगठन के सुर एक रहें, तभी विपक्ष के षडयंत्रों का मुकाबला किया जा सकता है। विपक्षी नेरेटिव को खारिज करने और उपचुनाव वाली सीटों पर संघ भी भाजपा के साथ मोर्चा संभालेगा। सूत्रों के अनुसार, बैठक में पांच बातों पर भी फोकस रहा। संगठन और सरकार के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर देना, 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव पर, दलितों और ओबीसी समुदायों के बीच विपक्ष की चालों का मुकाबला करना, संगठन की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए सरकार का उपयोग करना, पार्टी की सदस्यता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

संघ और भाजपा की समन्वय बैठक पहले जुलाई में प्रस्तावित थी। मगर उस वक्त पार्टी प्रदेश में सरकार और संगठन के छोटा-बड़ा होने के बयानों से जूझ रही थी। सियासी तपिश अधिक होने के चलते तब बैठक टाल दी गई थी। मंगलवार को दो दिनी लखनऊ प्रवास पर पहुंचे संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने भारती भवन में संघ के कुछ चुनिंदा पदाधिकारियों से यूपी के सियासी हालात पर चर्चा की थी। बुधवार की शाम पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में विभिन्न विषयों पर विस्तार से बात की गई। संघ की चिंता विपक्ष द्वारा लोकसभा चुनाव से लगातार दलितों-पिछड़ों के बीच भाजपा और संघ को लेकर जो भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है, उसे लेकर है।

कार्यकर्ताओं की निराशा दूर करने को उठाएं कदम

उन्होंने कहा कि संघ और भाजपा ने लगातार दलितों, पिछड़ों सहित समाज के हर वर्ग के लिए बहुत काम किया है। बावजूद इसके विपक्ष झूठा नेरेटिव फैला रहा है। इसका कारण आपसी खींचतान और कार्यकर्ताओं में उत्साह की कमी है। लोकसभा चुनाव के बाद से पार्टी में जिस तरह की बयानबाजी व खींचतान की स्थिति है, यदि यह जारी रही तो आगे काफी नुकसान उठाना पड़ेगा। ऐसे में इन पर तत्काल विराम लगना चाहिए। सामाजिक समीकरण दुरुस्त करने और विपक्ष के एजेंडे को असफल करने के लिए सभी वर्गों के बीच जाना होगा। कार्यकर्ताओं की निराशा दूर करने के साथ ही आयोग, निगम, बोर्डों व पार्षद मनोनयन में पुराने कार्यकर्ताओं को तरजीह देने की बात कही गई।

सभी वर्गों को जोड़ने की चलेगी मुहिम

उपचुनाव वाली सीटें जीतने को लेकर मंथन हुआ। इसमें मजबूत प्रत्याशी उतारने के साथ ही बूथ स्तर पर सामाजिक समीकरण दुरुस्त करने की बात कही गई। भाजपा के साथ संघ भी इस काम में जुटेगा। खासतौर से दलित व पिछड़े वर्ग के बीच सक्रियता और बढ़ाई जाएगी। संविधान और आरक्षण को लेकर विपक्ष ने जो नेरेटिव फैलाया है, उसे बेनकाब करने की मुहिम चलेगी। उपचुनाव वाली सीटों पर बूथ स्तर पर समाज के हर वर्ग के लोगों को जोड़ा जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, संघ के पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार और पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र मौजूद रहे।

क्षेत्रीय बैठक में उठे सरकार-संगठन से जुड़े विषय

इससे पूर्व बुधवार को दिन में मोहनलाल गंज स्थित प्रकृति भारती भवन में पूर्वी व पश्चिमी क्षेत्र की समन्वय बैठक हुई। इसमें सह सरकार्यवाह अरुण कुमार के समक्ष संघ और विचार परिवार के संगठनों के संगठन मंत्रियों ने भाजपा और सरकार से जुड़े विषय रखे। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे। इसमें सभी संगठनों के समन्वय, उनके काम और उनके सुझावों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न विषयों पर संगठनों ने अपना फीडबैक भी दिया।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey
दीप नरायन पांडेय, डिजिटल और प्रिंट जर्नलिज्म में 13 साल से अधिक का अनुभव। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। लंबे समय तक प्रिंट मीडिया में कार्यरत रहे। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में हैं। राजनीति के साथ क्राइम और अन्य बीटों पर काम करने का अनुभव। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |