
हिंदू राष्ट्र बनकर रहेगा भारत, कोई नहीं रोक सकता; RSS चीफ मोहन भागवत की दो टूक
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र बनकर रहेगा और इसे कोई रोक नहीं सकता है। हमने बलिदान देकर धर्म को बचा कर रखा है। आज दुनिया में सनातन का डंका बज रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हम खड़े हो गए तो दुनिया में हमारे सामने कोई शक्ति नहीं है जो टिक सके।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने मथुरा के वृंदावन में के एक समारोह में दो टूक कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र बनकर रहेगा और इसे कोई रोक नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले 20-30 वर्षों में भारत विश्वगुरु बनकर सुख-शांति भरा जीवन देने वाला राष्ट्र बनेगा।
वृंदावन की सुदामा कुटी आश्रम के शताब्दी महोत्सव में भाग लेने पहुंचे मोहन भागवत ने सुदामा कुटी के महंत सुदीक्षक दास महाराज मनी ऋषि साध्वी ऋतंभरा मलूक पीठ राजेंद्र दास महाराज और अन्य संतो के सानिध्य में कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। उन्होने भक्ति को ही शक्ति बताया और कहा कि पश्चिम खुद को सृष्टि का स्वामी समझता है, जबकि हम सृष्टि के स्वामी नहीं हम सृष्टि के अंग हैं। उन्होने कहा "हम भारत में रहने वाले सभी लोगों को हिंदू समझते हैं, लेकिन बाहरी लोग हमें अलग-अलग जातियों में देखते हैं। हमें एक होना होगा सभी हिंदू एक हो सभी के साथ बैठे हैं उठे खाएं बातचीत करें।"
भागवत में हिंदुओं की एकता पर जोर देते हुए कहा कि आरएसएस का कुटुंभ प्रबोधन यही हैं। हमने बलिदान देकर धर्म को बचा कर रखा है। आज दुनिया में सनातन का डंका बज रहा है। हम संघ कार्य में भक्ति से राष्ट्र सेवा करते हैं। शक्ति जागरण का कार्य हमको करना है भक्ति कार्य करने वाले संत हैं, इसलिए मैं ऐसे आयोजन में जाता हूं।
उन्होने कहा, “हम खड़े हो गए तो दुनिया में हमारे सामने कोई शक्ति नहीं है जो टिक सके। संकट आते हैं धैर्य से सामना करने वालों के सामने नहीं टिकते। इस परिस्थिति को हमने पहले भी देखा है। जैसे हम सनातनी धार्मिक हिंदू एक होते जाएंगे। ये शक्तियां टूटती जाएंगी। हमें शक्ति के आधार पर चलना है, ऐसे आयोजनों में जाना संतों के उपदेश को पाना ऐसे सबको जोड़ने चलें।”
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने साफ शब्दों में संदेश दिया कि अगर हिंदू एक रहेगा तो आने वाले 20 से 30 सालों में भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। मंच पर पीपा पीठाधीश्वर बलराम दास, कमल नयन दास महाराज, साध्वी ऋत्मभरा, ज्ञानानंद महाराज, गौरी शंकर दास महाराज, कुमार स्वामी, राजेंद्र दास महाराज, भूरी वाले बाबा, सुदर्शन दास महाराज, मनोज मोहन शास्त्री, विहिप के बड़े दिनेश जी भी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



