संघ प्रमुख मोहन भागवत तीन दिन गोरखपुर में करेंगे प्रवास, कार्यकर्ताओं संघ बैठक
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत गोरखपुर में आयोजित सामाजिक सद्भाव गोष्ठी को प्रभावी और व्यापक बनाने के उद्देश्य से संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत शनिवार को गोरखपुर पहुंचेंगे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत गोरखपुर में आयोजित सामाजिक सद्भाव गोष्ठी को प्रभावी और व्यापक बनाने के उद्देश्य से संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत शनिवार को गोरखपुर पहुंचेंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत 14 से 16 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए स्वयंसेवकों के साथ प्रबुद्ध वर्ग का मार्गदर्शन करेंगे। संघ प्रमुख के सभी कार्यक्रम तारामंडल क्षेत्र में योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में होंगे। इस दौरान मोहन भागवत संघ के कार्यकर्ताओं संग बैठक भी करेंगे।
जानकारी के अनुसार सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान गोरखपुर में जिला, विभाग और प्रांत कार्यकारिणी के लोगों के साथ बैठक करेंगे। इसके साथ ही शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा व योजना रचना पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रांत के प्रचार विभाग ने बताया कि 15 फरवरी को सुबह 9.30 बजे से आयोजित सामाजिक सद्भाव बैठक में पूरे प्रांत से विभिन्न जाति, वर्गों और सामाजिक सद्भाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रमुख सामाजिक लोग सम्मलित होंगे। वहीं प्रवास के अंतिम दिन मोहन भागवत 16 फरवरी को सुबह 9:30 बजे से कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। शाम को गोरखपुर से रवाना हो जाएंगे।
गुरुजी ने संघ को वटवृक्ष बनाने का कार्य किया
गोरखपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक माधव सदाशिवराव गोलवलकर ‘श्री गुरुजी’ की जयंती शुक्रवार को प्रांत कार्यालय ‘माधव धाम’ पर मनाई गई। इस दौरान श्री गुरुजी के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्य वक्ता क्षेत्र प्रचारक पूर्वी उत्तर प्रदेश अनिल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीज को वट वृक्ष के रूप में विकसित करने का कार्य गुरुजी ने किया।
क्षेत्र प्रचारक ने कहा कि स्वामी अखंडानंद जी के अनुसार भारत में अवतरित हजारों महान विभूतियों में से एक गुरु गोलवलकर जी भी थे। उन्होंने कहा कि जब-जब देश पर संकट आया, तब-तब श्री गुरुजी ने एक जागरूक नागरिक के रूप में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कश्मीर के भारत में विलय के संदर्भ में गुरुजी ने महाराजा हरि सिंह को समझाकर कश्मीर के भारत में विलय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की अध्यक्ष कनकेश्वरी गिरि ने कहा कि संघ के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते रहने की आवश्यकता है। इस दौरान जनकल्याण न्यास के सचिव अवधेश, विभाग कार्यवाह संजय श्रीवास्तव, प्रांत संघचालक डॉ. महेंद्र अग्रवाल, प्रांत प्रचारक रमेश, प्रांत प्रचारक प्रमुख अवधेश, सह प्रांत प्रचारक सुरजीत, सेवा भारती के महामंत्री डॉ. आलोक श्रीवास्तव, प्रांतीय मंत्री राजेश मणि समेत कई लोग उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें

