खुद की मौत की खबर फैलाकर रचा रहा था शादी; दूल्हा बनने से पहले पहुंच गई प्रेमिका
बस्ती में युवक ने प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए अपनी मौत की झूठी खबर फैला दी और दूसरी युवती से शादी रचाने पहुंच गया। प्रेमिका ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवाई। पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी हरिपाल वर्मा उर्फ अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया।

यूपी के बस्ती जिले में प्रेम प्रसंग, धोखाधड़ी और दूसरी शादी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से पीछा छुड़ाने और दूसरी युवती से शादी करने के लिए अपनी ही मौत की झूठी कहानी रच डाली। लेकिन शादी के दिन उसकी साजिश का पर्दाफाश हो गया। प्रेमिका ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र निवासी हरिपाल वर्मा उर्फ अर्जुन खुद को एक निजी स्कूल का शिक्षक बताता था। आरोप है कि उसने एक युवती से प्रेम संबंध स्थापित किए और उससे शादी करने का वादा किया। युवती का कहना है कि शादी का भरोसा देकर आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, शादी की तैयारियों के नाम पर दहेज के तौर पर 50 हजार रुपये भी ले लिए।
दूल्हा बनने से पहले पहुंच गई प्रेमिका
पीड़िता के अनुसार, दोनों की शादी एक जुलाई को तय थी। इसके लिए मूड़घाट स्थित एक मैरिज हॉल भी बुक कराया गया था। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले युवती के परिवार को फोन पर सूचना मिली कि हरिपाल की मौत हो गई है। इस खबर से परिवार सदमे में आ गया और शादी की तैयारियां रोक दी गईं। हालांकि, युवती को इस सूचना पर संदेह हुआ। जब वह आरोपी के घर पहुंची तो पता चला कि हरिपाल पूरी तरह स्वस्थ है। जांच करने पर जानकारी मिली कि वह उसी दिन सिविल लाइन स्थित एक दूसरे मैरिज हॉल में दूसरी युवती से शादी करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद युवती मौके पर पहुंची और शादी रुकवा दी। बाद में उसने कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की तहरीर पुलिस को सौंपी।
मौत की झूठी खबर फैलाकर धोखा दिया
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अपने परिवार के सहयोग से अपनी मौत की झूठी सूचना फैलाकर उसे धोखा दिया, ताकि वह बिना किसी बाधा के दूसरी शादी कर सके। उसने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण किया। कोतवाल मोतीचंद राजभर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी हरिपाल वर्मा उर्फ अर्जुन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को बुधवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी की इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।


