छतों पर लगे सोलर पैनल से रात में भी बन रही बिजली, आंकड़ों से अचरज में पावर कारपोरेशन, जांच के आदेश

रोहित मिश्र, लखनऊ
Follow us on Google News
share

छतों पर लगे सोलर पैनल से मिल रहे आंकड़ों से यूपी पावर कारपोरेशन अचरज में है। हजारों पैनलों से रात में भी बिजली बन रही है। यूपी पावर कारपोरेशन ने जांच के आदेश दिए हैं।

Rooftop solar panel
घरों पर लगाए गए सोलर पैनल के आंकड़ों से पावर कारपोरेशन हैरान है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

सूरज की रोशनी से बिजली बनाने के लिए लगाए गए सोलर पैनलों से रात में भी बिजली बन रही है। ऐसा एक-दो जगह नहीं, बल्कि हजारों जगह हो रहा है। इस तरह के आंकड़ों ने पावर कॉरपारेशन को अचरज में डाल दिया है। ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव और पावर कॉरपोरेशन अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने सभी बिजली कंपनियों को इस तरह के मामले चिह्नित करके जांच के आदेश दिए हैं।

तीन जिलों में ज्यादा मामले आए सामने

बीते दिनों शक्ति भवन में सभी बिजली कंपनियों के एमडी के साथ पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने समीक्षा बैठक की थी। इसी बैठक में ऐसे मामलों पर चर्चा हुई, जहां सोलर पैनल से रात में भी बिजली बनना दर्ज किया जा रहा था। सूत्र बताते हैं कि तीन जिलों प्रतापगढ़, सीतापुर और लखीमपुर में इस तरह के मामले बड़ी संख्या में हैं। इनकी संख्या हजार से भी ज्यादा है। रात में सोलर पैनल से बिजली उत्पादन दर्ज होने की असल वजह तो जांच के बाद ही सामने आ सकती है। हालांकि, विभाग के अभियंता मान रहे हैं कि ऐसा सोलर पैनल सिस्टम में छेड़छाड़ करने की वजह से हो सकता है। अभियंताओं का मानना है कि सोलर यूनिट दर्ज करने वाले नेट मीटरों में छेड़छाड़ के मामले सामने आ सकते हैं।

सभी बिजली कंपनियों में ऐसे मामलों की पड़ताल

इसके अलावा नेट मीटरों का खराब होना भी इस तरह के उत्पादन की एक वजह हो सकती है। इन सभी पहलुओं पर अभियंता जांच करेंगे। सूत्र बताते हैं कि सभी बिजली कंपनियों में ऐसे मामलों की पहचान की जा रही है, जहां शाम के बाद सोलर पैनल से बिजली उत्पादन दर्ज किया गया हो। अभी तक हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जिनकी संख्या में इजाफा संभव है।

फिर से होगी सोलर उत्पादन की गणना

सूत्र बताते हैं कि जांच की जद में आने वाले उपभोक्ताओं के यहां सोलर पैनल से कुल बिजली उत्पदान के आंकड़ों की समीक्षा होगी। अगर नेट मीटरों में छेड़छाड़ की गई होगी तो उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। वहीं, अगर तकनीकी वजहों से रात में सोलर पैनल से बिजली उत्पादन दर्ज किया जाना पाया जाएगा तो वास्तविक सोलर बिजली उत्पादन की गणना की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पावर कॉरपोरेशन के निदेशक वाणिज्य प्रशांत वर्मा के अनुसार सोलर पैनल से रात में भी बिजली उत्पादन के मामले सामने आए हैं। इनकी जांच के आदेश दिए गए हैं। ऐसा कैसे हो रहा है, यह जांच के बाद ही बताया जा सकता है।

फिलहाल यूपी में सोलर पैनल के कुल 11,98,581 आवेदन अब तक मिले हैं। इनमें से 7,77,704 आवेदनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इन सोलर पैनलों से यूपी में 2,615.77 मेगावॉट बिजली उत्पादन हो रहा है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsसोलर पैनल से रात में भी बन रही बिजली, आंकड़ों से अचरज में पावर कारपोरेशन, जांच