
लखनऊ में टैंकर से टक्कर से बाद 50 फीट गहरी खाईं में पलटी रोडवेज बस, चार की मौत, कई दबे
संक्षेप: लखनऊ में गुरुवार की शाम हरदोई से आ रही बस टैंकर की टक्कर के बाद 50 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसा काकोरी के पास हुआ। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है।
यूपी की राजधानी लखनऊ में गुरुवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ-हरदोई मार्ग पर काकोरी के पास टैंकर की टक्कर के बाद रोडवेज बस 50 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग बस के नीचे दब गए। पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम राहत और बचाव कार्य में लगी और सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। बस हरदोई से आ रही थी। सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताते हुए अफसरों को मौके पर जाकर राहत कार्य तेज करने का निर्देश दिया है।

बताया जाता है कि गुरुवार की शाम बस हरदोई से लखनऊ आ रही थी। काकोरी के टिकैतगंज के पास एक टैंकर से उसकी टक्कर हो गई और तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे 50 फीट गहरी खाई में पलट गई। बस की चपेट में कई बाइक सवार भी आ गए। बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। कुछ देर में ही पहुंची पुलिस भी राहत और बचाव में जुट गई। कुछ लोगों के बस के नीचे दबे होने की आशंका में फायर ब्रिगेड को भी सूचना देकर बुला लिया गया। प्रशासन के भी कई अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा गया है।
दरअसल, इस समय काकोरी इलाके में लखनऊ-हरदोई हाइवे का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी निर्माण कार्य में एक सड़क की लेवलिंग के लिए गुरुवार शाम करीब 7 बजे टैंकर से पानी का छिड़काव कराया जा रहा था। हरदोई की ओर से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस सीधे टैंकर से टकराते हुए खाई में जा गिरी। सड़क किनारे खड़े तीन बाइक सवार भी बस के नीचे दब गए।
16 घायलों को ट्रामा सेंटर लाया गया
बस हादसे में घायल एक-एक करके 16 घायलों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया। अचानक गंभीर घायलों के पहुंचने से ट्रॉमा सेंटर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन ट्रॉमा सीएमएस डॉ. प्रेमराज सिंह, प्रवक्ता डॉ. केके सिंह मौके पर पहुंच गए। घायलों को इलाज मुहैया कराने के लिए अतिरिक्त डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की टीम लगा दी गई है। पांच घायलों को मृत घोषित किया गया। जिसमें एक की पहचान नहीं हो सकी। शव क्षति विक्षिप्त अवस्था में लाया गया। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि शुरुआत में चार घायलों को लाया गया। कैजुअल्टी में जांच के बाद पांच को मृत घोषित कर दिया गया। फिर करीब आधे घंटे बाद एक-एक कर घायलों को एम्बुलेंस से लाने का सिलसिला शुरू हो गया। रात करीब साढ़े नौ बजे तक 11 और घायलों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया। डॉक्टरों की टीम मरीजों के इलाज में जुट गई।
हाथ-पैर में चोट, कई मरीज गंभीर
किसी के हाथ में चोट लगी तो किसी के पैर में। किसी का सिर फटा तो किसी के पेट में गंभीर चोटे आईं। आधा दर्जन से ज्यादा घायलों को फ्रैक्चर था। डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक इलाज मुहैया कराने के बाद जांच आदि की कार्रवाई शुरू की। सीएमएस डॉ. प्रेमराज ने बताया कि घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराया जा रहा है। जरूरतमंद मरीजों को तत्काल ऑपरेशन आदि की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इलाज के सभी इंतजाम कर दिए गए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमिय अग्रवाल ने बताया कि दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। बाकी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
इनकी हुई मौत
बाबू राम, नंददेव, संजीव कुमार, अरविंद कुमार
ये लोग घायल
सुहैल अहमद, अनिल कुमार वर्मा, संजय प्रकाश, राकेश कुमार, भरत कुमार, अनुराग कुमार, अनुप कुमार, अनुज राज, अविरल, दिलशाद

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



