डंपर से टक्कर के बाद बस से नीचे उतरे थे यात्री, ड्राइवर ने अचानक बढ़ा दी गाड़ी; 3 की मौत

संवाददाता, उन्नाव
Follow us on Google News
share

उन्नाव में अयोध्या से कानपुर जा रही रोडवेज बस हादसे का शिकार हो गई। डंपर से टक्कर के बाद बस में सवार कुछ यात्री नीचे उतरकर उसके पास खड़े हो गए। इसी दौरान बस अचानक आगे बढ़ गई और नीचे खड़े यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि बस का कंडक्टर घायल हो गया।

 रोडवेज बस ने अपने ही चार यात्रियों को कुचला

UP News: यूपी के उन्नाव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां अयोध्या से कानपुर जा रही रोडवेज बस की एक डंपर से टक्कर हो गई। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री बस से नीचे उतर आए। तभी अचानक बस के आगे बढ़ने से नीचे खड़े यात्रियों को चपेट में आ गए। इस हादसे में तीन की मौत हो गई। जबकि कंडक्टर जख्मी हो गया।

ये घटना शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे दही थाना क्षेत्र पुरवा बाईपास मोड़ के पास का है। जहां रोडवेज बस की डंपर से भिड़ंत हो गई। इस हादसे के यात्री अपनी सुरक्षा के लिए बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए थे। इसी दरमियान बस ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ा दिया। जिससे बस के नीचे मौजूद 4 लोग चपेट में आ गए। जिसमें तीन यात्रियों की मौत और रोडवेज बस का कंडक्टर जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल कंडक्टर को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिजनों में मचा रहा कोहराम

मृतक रामनरेश अपनी पत्नी नीलम और एक बच्चे के साथ कानपुर जा रहे थे। उन्हें अपने ससुर के निधन की सूचना मिली थी। वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। मगर रास्ते में हुए सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

घटनास्थल पर मची रही अफरा तफरी

हादसे के बाद घटनास्थल पर पर काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त बस व डम्पर को सड़क से हटवाया गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बस चालक ने किन परिस्थितियों में वाहन आगे बढ़ाया और हादसे के पीछे लापरवाही किसकी थी? एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत व कंडक्टर जख्मी हुआ है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इन यात्रियों की हुई मौत

हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई। जिसमें राजेंद्र (40) पुत्र स्वामी प्रसाद, निवासी मदनपुर, थाना कप्तानगंज, बस्ती तथा रामनरेश (40) पुत्र रामदास, निवासी तुलसी तारा, थाना पूरा कलंदर अयोध्या के रूप में की है। तीसरे मृतक यात्री की पहचान नहीं हो सकी थी। घायल कंडक्टर की पहचान इंद्रपाल सिंह (48) पुत्र प्रभाकर सिंह, निवासी महुआ, थाना जहानगंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।