बिना परमिशन रोड शो निकालना पड़ा भारी; AIMIM के यूपी अध्यक्ष शौकत अली समेत 50 पर FIR

हिन्दुस्तान, संवाददाता, श्रावस्ती
Follow us on Google News
share

श्रावस्ती के भिनगा में बिना अनुमति रोड शो करने पर एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, हाजी दद्दन खां समेत 50-60 कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस ने कोतवाली के पास काफिला रोक दिया। दद्दन खां की पार्टी में एंट्री के दौरान शक्ति प्रदर्शन किया गया था।

FIR against AIMIM state president in Shravasti
श्रावस्ती में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष पर एफआईआर

श्रावस्ती जिला मुख्यालय भिनगा में बिना अनुमति शनिवार सड़क पर शक्ति प्रदर्शन और रोड शो करना एआईएमआईएम नेताओं और कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। पुलिस ने एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, हाजी दद्दन खां समेत करीब 50-60 कार्यकर्ताओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस की कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बसपा से निष्कासित नेता हाजी दद्दन खां को एआईएमआईएम की सदस्यता दिलाने के लिए शनिवार बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता जुटे थे। इसी दौरान काफिले के साथ शहर में रोड शो निकाला गया। पुलिस के अनुसार जुलूस/रोड शो के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

कोतवाली के पास पुलिस ने रोका काफिला

भिनगा कोतवाली के पास पहुंचने पर पुलिस ने काफिले को घेरकर सड़क पर ही रोक दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली से काफी देर तक पूछताछ की। मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी के बीच रोड शो को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।

भाजपा व बसपा छोड़कर पार्टी में आए नेता

हाल के दिनों में भाजपा और बसपा से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एआईएमआईएम का दामन थामा है। हाजी दद्दन खां की पार्टी में एंट्री के दौरान जुटे समर्थकों की भीड़ को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा था। हालांकि बिना अनुमति सड़क पर कार्यक्रम आयोजित करने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।

पुलिस कार्रवाई से राजनीतिक हलके में हलचल

एफआईआर दर्ज होने के बाद जिले की सियासत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पुलिस की कार्रवाई को कानून व्यवस्था के उल्लंघन के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर बिना अनुमति भीड़ जुटाकर यातायात व कानून व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पार्टी के नेताओं व समर्थकों के बीच भी चर्चा तेज है। वहीं पुलिस की एफआईआर ने जिले में नए सियासी समीकरणों को लेकर चल रही चर्चाओं को और हवा दे दी है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsबिना परमिशन रोड शो निकालना पड़ा भारी; AIMIM के यूपी अध्यक्ष शौकत समेत 50 पर FIR