मुंह मीठा कराने की रस्म पड़ी भारी; ससुरालियों को नशीला हलुआ खिलाकर लुटेरी दुल्हन गहने लेकर फरार

हिन्दुस्तान, ललितपुर
Follow us on Google News
share

ललितपुर में लुटेरी दुल्हन ससुरालियों को हलुआ में नशीला पदार्थ खिला जेवरात और नगदी लेकर साथियों के साथ रफू चक्कर हो गयी। मुंह मीठा कराने की रस्म ससुरालियों को भारी पड़ गई।

AI Genrated pic

ललितपुर के थाना बार क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पंचायत मर्रौली में शादी के दो दिन बाद ही एक लुटेरी दुल्हन ससुरालियों को हलुआ में नशीला पदार्थ खिला जेवरात और नगदी लेकर साथियों के साथ रफू चक्कर हो गयी। सुबह नींद से जागे परिजनों ने घटना की जानकारी होते ही बार थाना पुलिस को आरोपित के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर सौंपी। बार थाना पुलिस को सौंपी तहरीर में ग्राम मर्रौली निवासी रहीश पुत्र खिलन सिंह ने बताया कि विगत 11 मई 2026 को उसकी कोर्ट मैरिज शादी ग्राम जाफरानपुर चंदौली निवासी रागिनी पुत्री लल्लू सोनकर के साथ हिंदू वैदिक रिवाज से हुई थी। यह शादी ग्राम मिदरवाहा थाना कोतवाली महरौनी निवासी साहब सिंह पुत्र शिवराज सिंह ने कराई थी। विवाह कराने के एवज में उसने पैसे भी लिए थे।

ससुरालियों को नशीला हलुआ खिलाया, गहने लेकर दुल्हन फरार

विवाह के बाद दुल्हन रागिनी उसके घर में दो दिन रही और विगत 13 मई की रात को उसने हलवा बनाकर सभी ससुरालियों को खिलाया, जिसके बाद सभी गहरी नींद में सो गए। सुबह उसकी नींद खुली। पत्नी के दिखाई नहीं देने पर उसने आवाज लगाई। लेकिन जवाब नहीं मिलने पर उसने रागिनी को घर में तलाश किया। पत्नी के नहीं मिलने पर अलमारी खंगाली तो उसके होश उड़ गए। अलमारी में रखे सोने चांदी के कीमती आभूषण और 70 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद उसको जानकारी मिली कि उसकी पत्नी जेवरात और नगदी लेकर अपने साथियों के साथ फरार हो गयी।

पहले ही रची गई थी साजिश

पीड़ित पति की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दुल्हन ने पहले से ही साजिश रच रखी थी। उसने सभी को पहले हलुआ में नशीला पदार्थ खिलाया फिर साथियों के साथ रफूचक्कर हो गई। घर के लोगों को पहले पता नहीं चला। वह दुल्हन को आसपास खोजते रहे।

मुंह मीठा कराने का रिवाज पड़ा भारी

शादी के बाद घर आई बहू कुछ पकाकर ससुरालियों का मुंह मीठा कराती है। यह यहां का रिवाज है। इसी को निभाने के दौरान लुटेरी दुल्हन को अवसर मिल गया और उसने हलुआ में नशीला पदार्थ मिलाकर सभी ससुरालियों को परोस दिया। किसी को इसका शक तक नहीं हुआ और सभी लोगों के सोने के बाद देर रात्रि करीब 11 से 2 बजे के बीच वो जेवरात व नगदी लेकर भाग गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। और हर किसी की जुंबा पर लुटेरी दुल्हन के चर्चे हैं।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsमुंह मीठा कराने की रस्म पड़ी भारी; गहने लेकर लुटेरी दुल्हन हुई फरार