पुलिस शिकंजे में लंगड़ाता नजर आया स्पा मामले में गिरफ्तार ऋषभ ठाकुर, कोर्ट से मिली राहत

Feb 25, 2026 02:32 pm ISTYogesh Yadav बरेली, विधि संवाददाता
share

बरेली में स्पा संचालिका से रंगदारी वसूलने के आरोपी और जिला बदर ऋषभ ठाकुर पुलिस के शिकंजे में लंगड़ाता नजर आया। कोर्ट ने रंगदारी मामले में 50 हजार के निजी मुचलके पर उसे रिहा करने का आदेश भी दिया है।

पुलिस शिकंजे में लंगड़ाता नजर आया स्पा मामले में गिरफ्तार ऋषभ ठाकुर, कोर्ट से मिली राहत

बर्थ डे पार्टी में घुसकर लव जिहाद के नाम पर मारपीट करने के बाद चर्चा में आया जिला बदर ऋषभ ठाकुर गिरफ्तार होने के बाद पुलिस के शिकंजे में लंगड़ाता हुआ नजर आया। पुलिस ने उसे सोमवार को गिरफ्तार किया था। गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की थी। इससे पहले ही कोर्ट ने ऋषभ को राहत भी दे दी है। कोर्ट ने सात साल तक की सजा के अपराध में गिरफ्तारी करने वाले विवेचक एसआई अमित कुमार के खिलाफ कार्यवाही के आदेश एसएसपी बरेली को दिये हैं। कोर्ट ने 50 हजार के निजी मुचलके पर स्पा प्रकरण में आरोपी ऋषभ ठाकुर को रिहा करने के आदेश दिये हैं।

क्या था मामला

पिछले दिनों पीलीभीत बाईपास स्थित अस्पताल की बिल्डिंग में संचालित कासा गोल्डन स्पा का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वहां देह व्यापार होने का आरोप लगा था। पुलिस ने स्पा बंद कर दिया था। जिसके बाद जिला बदर ऋषभ ठाकुर और उसके साथी आशु का स्पा संचालक मुस्कान से बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ। इसमें दोबारा स्पा शुरू कराने के बदले 40 हजार की मांग की जा रही थी। मुस्कान की ओर से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसी बीच ऋषभ ठाकुर और मुस्कान की बातचीत का एक और ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें वह बरेली में अपना आतंक बता रहा है। बारादरी पुलिस को सोमवार को सूचना मिली कि ऋषभ नवनिर्मित बीडीए कॉलोनी में है। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ऋषभ ठाकुर के अधिवक्ता ने रिमांड का किया विरोध

ऋषभ ठाकुर को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर 14 दिनों के न्यायिक रिमांड को एसीजेएम प्रथम दीपक कुमार मिश्र की कोर्ट में पेश किया। ऋषभ के अधिवक्ता वाशिद हुसैन ने दलील दी कि सात साल तक की सजा के मामले में उसे अवैध तरीके से गिरफ्तार किया गया। जिस मोबाइल नंबर से स्पा संचालिका से वसूली की मांग की गयी है। उस नम्बर की जांच भी नहीं की गयी है। विवेचक एसआई अमित कुमार ने कोर्ट को बताया कि ऋषभ ठाकुर इस केस के गवाहों और सबूतों को प्रभावित कर सकता है। वहीं सूत्रों के मुताबिक जिला बदर होने के बाद बगैर अनुमति के जिले की सीमा में प्रवेश के मामले में ऋषभ ठाकुर को कोर्ट ने जेल भेजा है।

बर्थ डे पार्टी में घुसकर मारपीट से चर्चा में आया

ऋषभ ठाकुर के आपराधिक इतिहास में केवल रंगदारी ही नहीं, बल्कि दबंगई और मारपीट के मामले भी शामिल रहे हैं। पिछले दिनों एक युवती के बर्थडे पार्टी के दौरान रेस्तरां में घुसकर ऋषभ और उसके साथियों ने मारपीट की थी। लव जिहाद का आरोप लगाते हुए युवती केसाथ मौजूद युवकों की पिटाई की थी। इस घटना ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसी घटना से ऋषभ चर्चा में आया था। खुद को बजरंग दल से जुड़ा बताने वाले ऋषभ से तब बजरंग दल ने भी पल्ला झाड़ लिया था।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को देख रहे हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं। पत्रकारिता में 25 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। सिटी टीम का नेतृत्व भी किया। बीकॉम में ग्रेजुएट और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर रिपोर्टिंग भी की है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |