रिटायर्ड शिक्षकों को फिर मिलेगा पढ़ाने का मौका, सरकारी स्कूलों के लिए मांगे गए आवेदन
रिटायर्ड शिक्षकों को फिर पढ़ाने का मौका मिलेगा। रिटायर्ड प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों का रिजर्व पूल तैयार किया जाएगा। इच्छुक रिटायर्ड शिक्षक 21 जुलाई से पांच अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के राजकीय विद्यालयों में रिक्त पड़े शिक्षकीय पदों को भरने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने रिटायर्ड शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। शिक्षण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के नौ राजकीय इंटर कॉलेज एवं हाईस्कूलों के लिए सेवानिवृत्त प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों का रिजर्व पूल तैयार किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 21 जुलाई से पांच अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचन्द्र की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेज करनीपुर तरबगंज, तालागंज छपिया, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हथियागढ़ बभनजोत, मलौना हलधरमऊ, हिन्दूनगर खास इटियाथोक और राजकीय हाईस्कूल बेलहरी बुजुर्ग छपिया, दौलतपुर झंझरी और त्यौरासी परसपुर में रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित शिक्षकों से मानदेय के आधार पर शिक्षण कार्य कराया जाएगा।
ये दस्तावेज आवेदन के साथ लगाया जाना अनिवार्य किया गया
आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरकर पंजीकृत डाक के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजना होगा।आवेदन के साथ सेवा निवृत्ति संबंधी विवरण, संबंधित विद्यालय का नाम, विषय, सेवानिवृत्ति तिथि, शैक्षिक योग्यता की छायाप्रति, पीपीओ आदेश, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर संलग्न करना अनिवार्य होगा। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। यह व्यवस्था शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी प्रावधानों के तहत की जा रही है।
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र बोले-
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि राजकीय विद्यालयों में रिक्त पदों के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए सेवानिवृत्त प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों का रिजर्व पूल तैयार किया जा रहा है। इच्छुक शिक्षक पांच अगस्त तक सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन भेजें। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
संकुल स्तरीय बैठक में नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर
वहीं करनैलगंज में न्याय पंचायत भंभुवा के प्राथमिक विद्यालय त्रिवेदी पुरवा में संकुल स्तरीय मासिक बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ एडी (बेसिक) राम सागर पति त्रिपाठी और बीईओ करनैलगंज सुशील कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।बैठक में मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक ने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नवाचार और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों से नियमित मूल्यांकन एवं प्रभावी शिक्षण पद्धतियां अपनाने का आह्वान किया। खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने विद्यालयों में छात्र नामांकन बढ़ाने, प्रत्येक परिवार की फैमिली आईडी बनवाने तथा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण करने के निर्देश दिए।


