बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी सिर्फ पिता की नहीं, हाईकोर्ट का आदेश
हाईकोर्ट एक याचिका पर सुनवाई करते हुए आदेश दिया है कि नाबालिग बच्चे के भरण-पोषण की जिम्मेदारी केवल पिता पर नहीं डाली जा सकती। कोर्ट ने कहा कि माता-पिता को अपनी आय व आर्थिक क्षमता के अनुसार बच्चे के पालन-पोषण और अन्य खर्चों में योगदान करना होता है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक आदेश में कहा है कि नाबालिग बच्चे के भरण-पोषण की जिम्मेदारी केवल पिता पर नहीं डाली जा सकती। सामान्य तौर पर माता-पिता को अपनी आय व आर्थिक क्षमता के अनुसार बच्चे के पालन-पोषण और अन्य खर्चों में योगदान करना होता है। न्यायमूर्ति लक्ष्मीकांत शुक्ल ने यह टिप्पणी एक महिला और उसके दो नाबालिग बच्चों की याचिका खारिज करते हुए की। याचिका में परिवार न्यायालय के उस आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसमें दोनों बच्चों के लिए डेढ़-डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण का निर्देश पिता को दिया गया था।
हाईकोर्ट ने सीआरपीसी की धारा 125 की योजना पर विचार करते हुए कहा कि इसके तहत नाबालिग बच्चे के भरण-पोषण का दावा उसके पिता या माता से किया जा सकता है। इसलिए इस वैधानिक जिम्मेदारी को केवल पिता का दायित्त्व नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने कहा कि नाबालिग बच्चे के भरण-पोषण की जिम्मेदारी केवल पिता या मां में से किसी एक पर नहीं डाली जा सकती। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि धारा 125 के तहत भरण-पोषण तय करते समय माता-पिता दोनों की आर्थिक स्थिति और भुगतान करने की क्षमता को ध्यान में रखना जरूरी है। अधिक आय होने पर मां जिम्मेदारी से पूरी तरह पीछे नहीं हट सकती। इस मामले में हाईकोर्ट ने पाया कि महिला ने अपने और बच्चों के खर्चों के संबंध में कुछ बयान दिए थे। रिकॉर्ड में यह भी सामने आया कि वह कोचिंग से आय अर्जित कर रही थी। पति का पक्ष था कि उसकी आय पत्नी से कम है। पति जूनियर हाईस्कूल में इंस्ट्रक्टर के रूप में कार्यरत था और उसकी आय करीब नौ हजार रुपये प्रतिमाह बताई गई थी।
जिम्मेदारी केवल किसी एक पर नहीं डाला जा सकता
हाईकोर्ट ने परिस्थितियों को देखते हुए कहा कि मां की आय पिता से अधिक है तो वह बच्चों के भरण-पोषण और अन्य खर्चों में योगदान करने की अपनी जिम्मेदारी से पूरी तरह इनकार नहीं कर सकती। कोर्ट ने कहा कि बच्चों के पालन-पोषण और भरण-पोषण की जिम्मेदारी सामान्य तौर पर माता-पिता दोनों द्वारा उनकी आर्थिक क्षमता के अनुसार साझा की जानी चाहिए, इसे केवल किसी एक पर नहीं डाला जा सकता।
पत्नी की आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी
जौनपुर के प्रधान परिवार न्यायालय के आदेश के खिलाफ दाखिल याचिका के अनुसार परिवार न्यायालय ने दोनों नाबालिग बच्चों के लिए डेढ़-डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण देने का आदेश दिया था जबकि पत्नी के लिए भरण-पोषण की मांग को खारिज कर दिया था। पत्नी अर्चना राव ने हाईकोर्ट में दावा किया कि उसकी कोई स्वतंत्र आय नहीं है और वह अपने पिता के पास बच्चों के साथ रह रही है। उसने यह भी कहा कि बच्चों के लिए तय राशि उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। पति ने पत्नी के बयान और उसके कोचिंग कार्य से संबंधित जानकारी का हवाला देते हुए याचिका का विरोध किया। हाईकोर्ट ने पुनरीक्षण याचिका खारिज करते हुए कहा कि बच्चों के साथ कौन सा अभिभावक रह रहा है, यह तथ्य अपनेआप में यह तय नहीं करता कि बच्चों की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी उसी अभिभावक या दूसरे अभिभावक पर डाल दी जाए। कोर्ट ने सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों और माता-पिता दोनों की वित्तीय क्षमता को ध्यान में रखना जरूरी बताया। इन परिस्थितियों में कोर्ट को परिवार न्यायालय के आदेश में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं पाते हुए पत्नी की आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी।

