तारों पर कपड़े सुखाने वाले बयान पर भड़के अखिलेश, बोले- जनता भाजपा को धो-पटककर सुखा देगी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर तंज कसा है। योगी के ‘बिजली के तारों पर कपड़े सुखाने’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अगले चुनाव में जनता भाजपा को धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।

UP News: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने वर्तमान सीएम योगी पर तंज कसा है। उन्होंने योगी के बिजली के तारों पर कपड़े सुखाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश ने सोशल मीडिया के जरिए कहा है कि अगले साल जनता भाजपा को धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।
सपा चीफ अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘अगले चुनाव में जनता भाजपा को अच्छे से धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी। शुक्र है उप्र के असफल मुख्यमंत्री ने ये नहीं कहा कि इस महा विद्युत आपदा के पीछे दिल्ली वालों के भेजे हुए दूत की साज़िश है। ये स्पष्ट किया जाए कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में बिजली मंत्री जी आते नहीं हैं या बुलाए नहीं जाते हैं। अगर आते हैं तो माननीय से अनुरोध है कि उनके कंधे पर हाथ रखकर एक तस्वीर आप पोस्ट कर दीजिए। जनता को आपकी आपसी गर्मी से तो राहत मिल जाएगी क्योंकि जनता ने आप दोनों को कभी एकांत में साथ देखा नहीं।’
अखिलेश ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ‘भाजपा राज में बिजली के सब-स्टेशनों पर पीएसी लगती है और विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के ख़िलाफ़ चिट्ठी लिखकर, जनता के आक्रोश से बचने का कायराना काम करते हैं।’
सपा सरकार में बिजली के तारों पर सुखाए जाते थे कपड़े
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बिजली संकट के मामले में विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि जिनके समय बिजली के तारों पर कपड़े सुखाए जाते थे आज वह सवाल उठा रहे हैं। सीएम ने जनता से भी अपील की लोग उतनी बिजली का इस्तेमाल करें जितनी जरुरता हो। अनावश्यक लाइट व एसी न चलाएं। एक ही लाइट जलाएं। उन्होंने नगर निगम व ग्राम पंचयतों से भी अपील की कि वह अनावश्यक स्ट्रीट लाइट न जलाएं। जहां जरुरत हो वहीं जलाएं। बिजली अकेले पावर कारपोरेशन का दायित्व नहीं है। इसे बचाने का दायित्व नागरिकों का भी है। उन्होंने कहा कि सरकार हर समस्या का समाधान कर रही है। डबल इंजन की सरकार इसका भी करेगी।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले सपा सरकार में गरीबों के लिए मकान स्वीकृत नहीं होते थे। उनकी योजनाएं गरीबों-नौजवानों के लिए नहीं थीं। हमने जाति, क्षेत्र, मत-मजहब देखे बिना गरीब, युवा, महिला और किसान को केंद्र में रखकर काम किया। योगी ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 65 लाख से अधिक गरीबों को आवास उपलब्ध कराए। सपा सरकार में शासन की योजनाओं का लाभ चुनिंदा परिवारों को मिलता था। सपा के गुंडे महिला सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

