रील की सनक ने ली जान! बाइकर्स ने सास-बहू को कुचला, महिला की मौत

Feb 19, 2026 10:13 am ISTsandeep हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान संवाद, फिरोजाबाद
share Share
Follow Us on

फिरोजाबाद में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 50 वर्षीय सरोज की मौत हो गई, जबकि उनकी बहू घायल हो गई। सास-बहू शादी का सामान खरीदकर लौट रही थीं। आरोप है कि बाइक सवार लापरवाही से तेज गति में थे। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

रील की सनक ने ली जान! बाइकर्स ने सास-बहू को कुचला, महिला की मौत

फिरोजाबाद जिले के थाना दक्षिण क्षेत्र में मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि उसकी बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और शादी वाले परिवार में खुशियों की जगह मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, नगला भाऊ पेट्रोल पंप के सामने वाली गली निवासी 50 वर्षीय सरोज पत्नी रामवीर सिंह अपनी बहू वीरवती (26) पत्नी अवधेश के साथ बाजार गई थीं।

रील बना रहे बाइकर्स ने सास-बहू को कुचला- प्रत्यक्षदर्शी

परिवार में धेवते सनी की शादी होने वाली थी, जिसके लिए दोनों सास-बहू भात का सामान खरीदने गई थीं। देर शाम वे ऑटो से उतरकर रवि यूनिटी हॉस्पिटल के सामने सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों पर सवार युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार युवक तेज गति से वाहन चलाते हुए मोबाइल से रील बना रहे थे। हालांकि पुलिस ने अभी रील बनाने की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सास-बहू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जबकि बाइक सवार युवक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

इलाज के दौरान सास की मौत, बहू गंभीर

सूचना मिलने पर थाना दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को आगरा रेफर कर दिया। परिजन बहू वीरवती को निजी अस्पताल ले गए, जबकि सरोज को आगरा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतका सरोज के चार बेटे और दो बेटियां हैं। उनके पति रामवीर लालऊ रोड पर चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम का माहौल छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीसीटीवी से फरार बाइकर्स की पहचान

थाना दक्षिण के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र पाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार बाइक सवारों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है। सोशल मीडिया के लिए रील बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति भी सड़क सुरक्षा के लिए चुनौती बनती जा रही है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |