
कार पर लाल-नीली बत्ती, मुखौटा लगाकर चाय की दुकान पर स्वागत फिर गिरफ्तार
आजकल रील बनाने के लिए युवक कुछ भी कर गुजर रहे हैं। इस दौरान नियम कानूनों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ऐसा ही नजारा राजधानी लखनऊ में देखने को मिला है। यहां एक युवक अपनी लग्जरी कार पर लाल-नीली बत्ती लगाकर घूमते और चाय की दुकान पर स्वागत कराते गिरफ्तार किया गया है।
राजधानी लखनऊ में अजब नजारा देखने को मिला है। एक युवक लग्जरी कार पर अधिकारियों वाली लाल-नीली बीकन लाइट और चेहरे पर मास्क लगाकर चाय की दुकान पर पहुंचकर स्वागत कराता है। फिर चाय की चुस्की लेता है। कुछ देर में ही यह वीडिया वायरल हो जाता है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस संज्ञान लेती है। कुछ ही देर में पुलिस युवक की पहचान करती है और गिरफ्तार कर लेती है। आरोपी की पहचान आरिश किदवई के रूप में हुई है, जो वजीरगंज के मसकगंज इलाके का रहने वाला है। आरिश एक होटल मैनेजर का बेटा है। पता चलता है कि उसने सिर्फ शौक, दिखावे और रील के चक्कर में यह सब किया।
दरअसल शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उसका वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें आरिश अपनी बीकन लाइट वाली कार से चेहरे पर मास्क लगाए ठाकुरगंज में अपने एक दोस्त की चाय की दुकान पर पहुंचता है। लाल-नीली लाइट लगी बत्ती से मास्क लगाए व्यक्ति के पहुंचने से लोग हैरान रह जाते हैं। उनकी हैरानी तब बढ़ जाती है जब उस व्यक्ति का किसी वीआईपी की तरह स्वागत शुरू होता है। पहले माला पहनाया जाता है फिर बुके दिया जाता है। इसके बाद उसका दोस्त चाय बनाता है और आरिश कुर्सी पर बैठकर बड़े आराम से चाय की चुस्कियां लेता है। काफी लोग इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद करते हैं और सोशल मीडिया पर भी डाल देते हैं।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। ठाकुरगंज थाने के इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई की। आरिश किदवई को गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी लग्जरी कार को सीज कर दिया गया है। पूछताछ में पता चला कि आरिश के दादा कभी पुलिस विभाग में थे। कार आरिश के ही नाम पर रजिस्टर्ड है। इंस्पेक्टर ने बताया कि ऐसे फर्जीवाड़े से आम जनता में भ्रम पैदा होता है और कानून का उल्लंघन होता है, इसलिए सख्त कार्रवाई की गई है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



