
लखनऊ में रिकवरी एजेंट की बेरहमी से हत्या, सीसीटीवी में कैद हुई सनसनीखेज वारदात
यूपी के लखनऊ से सनसनीखेज मर्डर की खबर सामने आई है। यहां एक रिकवरी एजेंट की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जुटी है।
यूपी की राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां कुछ लोगों ने विवाद के बाद एक रिकवरी एजेंट को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई। मृतक की पहचान शशि प्रकाश उपाध्याय के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सेक्टर-8, रघुराजपुरम में किराए पर रहते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है।
मूल रूप से जनपद अंबेडक नगर, राजे सुल्तानपुर के रहने वाले शशि प्रकाश उपाध्याय लखऊ में विष्णु एंड कम्पनी में रिकवरी एजेंट के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि उनका सेक्टर-8 के कुछ व्यक्तियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह मारना-पीटना शुरू कर दिया। शशि लहूलुहान होकर गिर पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी शशि प्रकाश को घेरकर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और हमलावरों की पहचान की जा रही है। एसीपी इंदिरानगर के मुताबिक फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है और छापेमारी जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक मृतक के परिवार वालों ने तहरीर नहीं दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक शांत स्वभाव के थे और अक्सर अपने काम से ही मतलब रखते थे। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कई लोग रात में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और वारदात में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।





