होली पर घर पहुंचना हुआ मुश्किल, ट्रेनें फुल; हवाई जहाज का किराया दोगुना
दिल्ली, मुंबई और दक्षिण भारत से आने वाली राप्तीसागर, गोरखपुर-यशवंतपुर, लखनऊ-चेन्नई एक्सप्रेस ट्रेनों की हर क्लास में 4 मार्च को छोड़कर एक से 11 मार्च तक वेटिंग हैं। दिल्ली से कानपुर आने वाली 12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में दो मार्च की रात का एसी थर्ड का टिकट वेटिंग अधिक होने से रिग्रेट हो गया है।

यूपी के कानपुर के चकेरी के रहने वाले विनीत पुणे की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। होली पर घर आना चाहते हैं लेकिन किसी भी ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। इसी तरह महाराजपुर के रहने वाले सुरेंद्र पाल गुजरात के सूरत में काम करते हैं। उन्हें भी किसी ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। यह समस्या केवल इन दो लोगों की ही नहीं, नौकरी के सिलसिले में बाहर रह रहे हजारों लोग परेशान हैं। क्योंकि नियमित ट्रेनों के किसी श्रेणी में एक से 11 मार्च तक कन्फर्म टिकट नहीं है। फ्लाइटों का किराया भी आसमान पर है। मुंबई, अहमदाबाद, दिल्ली और बेंगलुरू से आने वाली फ्लाइटों का किराया दो और तीन मार्च को दो से तीन गुना है। आम दिनों में दिल्ली का टिकट 4400, बेंगलूरू, अहमदाबाद, मुंबई का टिकट 5600 से 6400 रुपये तक रहता है।
दिल्ली, मुंबई से आने वाली हर नियमित ट्रेन फुल
दिल्ली, मुंबई और दक्षिण भारत से आने वाली राप्तीसागर, गोरखपुर-यशवंतपुर, लखनऊ-चेन्नई एक्सप्रेस ट्रेनों की हर क्लास में चार मार्च को छोड़कर एक से 11 मार्च तक वेटिंग हैं। दिल्ली से कानपुर आने वाली 12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में दो मार्च की रात का एसी थर्ड का टिकट ही नहीं बन रहा है, क्योंकि वेटिंग अधिक होने से रिग्रेट हो गया है। इसी तरह दो मार्च को रात में ब्रह्मपुत्र मेल से दिल्ली से कानपुर आने में एसी थ्री और स्लीपर में रिजर्वेशन बंद हो गए हैं। इसी तिथि में श्रमशक्ति के स्लीपर क्लास में वेटिंग ढाई सौ पार तो एसी थ्री में 70 पार है। वेटिंग टिकट वाले अब वीआईपी कोटा या दूसरे जुगाड़ लगाने में लगे हैं।
रोडवेज 300 बसों का करेगा अतिरिक्त संचालन
रोडवेज ने कानपुर रीजन से होली पर 300 अतिरिक्त बसों के संचालन का फैसला लिया है। इन बसों का संचालन 28 फरवरी से नौ मार्च तक होगा। अनुबंधित बसों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। परिचालन स्टाफ को आकस्मिक कार्य पर ही अवकाश दिया जाएगा। इन बसों का संचालन लखनऊ, हरदोई, आगरा, दिल्ली, बुंदेलखंड और पूर्वांचल रूटों पर होगा। लखनऊ के लिए हर दस मिनट तो दिल्ली को हर आधे घंटे में बस मिलेगी। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि बसों की वापसी भी तय समय पर हो, इसके भी इंतजाम किए गए हैं।
सवा घंटे विलंब से आई मुंबई की फ्लाइट
मुंबई से कानपुर आने वाली फ्लाइट मंगलवार को सवा घंटे देरी से आकर शाम 16.08 बजे उतरी। सवा घंटे की देरी से 16:39 बजे उड़ान भरी। इस फ्लाइट से 178 यात्री आए तो 171 गए।
होली पर बिना छुट्टी चलाओ बस, पाओ प्रोत्साहन राशि
बसों के संचालन में कोई समस्या न आए इसके लिए रोडवेज प्रबंधन ने वर्कशॉप कर्मचारी, चालक, परिचालक और परिचालन से जुड़े स्टाफ के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू की है। 28 फरवरी से 9 मार्च तक बिना अवकाश बसों का संचालन करने वाले कंडक्टर, ड्राइवरों को 4500 रुपये तो नौ दिन बसें चलाने पर 3600 रुपये नगद प्रोत्साहन राशि मिलेगी। बशर्ते इस अवधि में रोज कम से कम 300 किलोमीटर बस चलानी होगी। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष अरविंद कुरील ने योजना को एक तरह से स्टाफ के लिए होली बोनस बताया है।
दो और तीन की फ्लाइट का किराया
-दिल्ली से कानपुर : 7200-7800 रुपये
-मुंबई से कानपुर : 9600-10240 रुपये
-अहमदाबाद से कानपुर : 8800-9900 रुपये
-बेंगलुरू से कानपुर : 9600-10700 रुपये
(नोट : होली के बाद आठ और नौ मार्च को कानपुर से जाने वाली इन्हीं फ्लाइटों का टिकट लगभग इतना ही है। क्योंकि त्योहार मनाने के बाद लौटने वालों का भीड़ होगी।)
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

