बारात में दूल्हे की हत्या कर फरार रवि यादव एनकाउंटर में ढेर, जौनपुर पुलिस ने मार गिराया

जौनपुर, कार्यालय संवददाता
Follow us on Google News
share

जौनपुर में दूल्हे की बारात में घुसकर हत्या करने वाला रवि यादव मार गिराया गया है। पुलिस ने रविवार की देर रात रवि को एनकाउंटर में मार गिराया। उसके दो साथी अब भी फरार हैं। 

बारात में दूल्हे की हत्या कर फरार रवि यादव एनकाउंटर में ढेर, जौनपुर पुलिस ने मार गिराया

यूपी के जौनपुर में बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड के तीन इनामी बदमाशों में से एक रवि यादव को पुलिस ने रविवार की रात करीब पौने तीन बजे एनकाउंटरमें मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में भी गोली लगी है। खेतासराय थाना क्षेत्र के रानी की मोड़ के पास पुलिस और शातिर रवि यादव के बीच मुठभेड़ हुई।

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 22 वर्षीय दूल्हे आजाद हिंद की एक मई को खेतासराय थाना क्षेत्र में बारात में ही घुसकर बादशाही के पास हत्या कर दी गई थी। बारात में घुसकर वारदात से पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई थी। कार सवार दूल्हे को बाइक से आए तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया गया था। परिजनों ने दुल्हन के रिश्तेदार रवि यादव समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बताया गया कि रवि दुल्हन का ही दूर का रिश्तेदार था और इस शादी से नाराज था। इस मामले में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। फरार होने पर तीनों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

घटना के बाद आरोपियों को शरण देने और घटना में मदद करने के आरोप में जिला पंचायत सदस्य शोले राजभर सहित 13 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से दूल्हे आजाद के परिजन लगातार पुलिस पर लीपापोती का आरोप लगा रहे थे। उसकी बहन सौम्य एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रही थी। इसी बीच रविवार की रात में पुलिस को रवि यादव के रानी की मोड़ के पास मौजूदगी की जानकारी मिली।

पुलिस ने रवि की घेरेबंदी की और गिरफ्तारी की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। रवि की एक गोली लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में लगी है। एक गोली उनकी बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी लगी। पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की तो रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार रवि के साथ फरार दो अन्य आरोपियों प्रदीप बिंद और भोले राजभर की तलाश चल रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार एनकाउंटर के दौरान रवि का एक साथी भी उसके साथ मौजूद था। वह फरार हो गया है। गोली से घायल थानेदार का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।