राशिद नसीम दुबई में कर रहा था हीरों का कारोबार, भगोड़े मास्टरमाइंड पर था पांच लाख का इनाम

Feb 27, 2026 08:59 pm ISTDinesh Rathour लखनऊ, विशेष संवाददाता
share

निवेशकों से ठगी के बहुचर्चित मामले में शाइन सिटी समूह का मुख्य संचालक नेपाल के रास्ते दुबई भाग निकला और वहां हीरे का कारोबारी बन गया। उसके तार 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक रकम के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के मास्टरमाइंड मेहुल चोकसी से भी जुड़े थे।

राशिद नसीम दुबई में कर रहा था हीरों का कारोबार, भगोड़े मास्टरमाइंड पर था पांच लाख का इनाम

Lucknow News: निवेशकों से ठगी के बहुचर्चित मामले में शाइन सिटी समूह का मुख्य संचालक नेपाल के रास्ते दुबई भाग निकला और वहां हीरे का कारोबारी बन गया। उसके तार 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक रकम के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के मास्टरमाइंड मेहुल चोकसी से भी जुड़े थे। ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया था कि राशिद नसीम दुबई में मेहुल चोकसी के साथ मिलकर हीरों का कारोबार कर रहा है और इसके लिए राशिद ने लंदन के पते पर अपनी एक फर्म का पंजीकरण भी कराया था।

हाईकोर्ट के आदेश पर सीरियस फ्रॉड इंवेस्टीगेशन आर्गनाइजेशन, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) व आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा (ईओडब्ल्यू) मिलकर शाइन सिटी मामले में जांच कर रही थी। जांच एजेंसियां लंबे समय से दुबई में बैठे राशिद नसीम का प्रत्यर्पण कराने के प्रयास में थीं। शाइन सिटी संचालकों के विरुद्ध दर्ज 554 से अधिक मुकदमों की जांच की जा रही है। उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के निवेशकों को लुभावनी स्कीम पर प्लाट देने का झांसा देकर शाइन सिटी समूह ने ठगी का जाल बिछाया था।

निवेशकों को झांसा देकर करोड़ों की ठगी करके भागा था राशिद

शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य संचालक राशिद नसीम ने निवेशकों को रियल एस्टेट की आकर्षक योजनाओं का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की थी और भाग निकला। ईडी व अन्य जांच एजेंसियां लंबे समय से धोखेबाज शाइन सिटी संचालक राशिद नसीम के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए लगातार पैरवी कर रही है। विशेष न्यायालय (पीएमएलए), लखनऊ के न्यायाधीश राहुल प्रकाश ने भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम-2018 (फ्यूजिटिव इकोनामिक अफेंडर्स एक्ट-2018) के तहत राशिद नसीम को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था। इससे पूर्व उद्योगपति विजय माल्या व हीरा कारोबारी नीरव मोदी समेत लगभग 10 आरोपितों को इस कानून के तहत भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया जा चुका है। ईडी अधिकारियों का दावा था कि उत्तर प्रदेश में यह पहला मामला है, जब किसी आरोपित को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया।

2019 में नेपाल के रास्ते भागा दुबई

ठगी का मुख्य आरोपित राशिद नसीम जून, 2019 में देश छोड़कर नेपाल के रास्ते दुबई भाग निकला। इसके लिए उसने जालसाजी से बनवाए गए दूसरे पासपोर्ट का इस्तेमाल किया। ईडी ने प्रदेश में पहली बार नए कानून के तहत निवेशकों की डूबी रकम उन्हें वापस कराने के लिए जब्त संपत्तियों को नीलाम कराने की कार्यवाही शुरू की। एक अधिकारी के अनुसार इंटरपोल ने राशिद नसीम के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट, लुक आउट सर्कुलर व रेड कार्नर नोटिस जारी किया था। इसके बाद भी राशिद नसीम ने उसके विरुद्ध चल रही कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत लौटने से इनकार कर दिया। ईडी ने निवेशकों से ठगी रकम से जुटाई गईं शाइन सिटी संचालकों की 267 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की है। ईडी ने राशिद नसीम व शाइन सिटी समूह के विरुद्ध दर्ज कराए गए 554 मुकदमों को आधार बनाकर मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज अपनी जांच शुरू की थी।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।