हर 8 मिनट पर मिलेगी रैपिड-मेट्रो, कांवड यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए NCRTC की स्पेशल सर्विस
कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए एनसीआरटीसी ने 14 अगस्त तक नमो भारत और मेरठ मेट्रो की विशेष सेवाएं शुरू की हैं। ट्रेनें अब हर 8 मिनट पर चलेंगी और 52 अतिरिक्त फेरे लगाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर फ्रीक्वेंसी बढ़ाकर हर 5 मिनट भी की जा सकती है।

मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों को सुगम और सुरक्षित सफर प्रदान करने के लिए एनसीआरटीसी की ओर से विशेष सेवाएं प्रारंभ कर दी गई हैं। सावन के पहले दिन गुरुवार से 14 अगस्त तक रैपिड रेल (नमो भारत) और मेरठ मेट्रो का संचालन विशेष व्यवस्था के तहत किया जाएगा। इस दौरान सड़क मार्गों पर संभावित जाम और भारी भीड़ को देखते हुए रैपिड और मेट्रो की सेवाएं हर आठ मिनट पर प्रारंभ कर दी गई है। एनसीआरटीसी के अधिकारियों के अनुसार कांवड़ यात्रा को लेकर प्रतिदिन 52 अतिरिक्त फेरों की व्यवस्था चालू कर दी गई है। वर्तमान में हर 10 मिनट पर मिलने वाली नमो भारत ट्रेनें अब इस अवधि के दौरान हर आठ मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होने लगी है। यदि यात्रियों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि होती है, तो ट्रेन की फ्रीक्वेंसी को और अधिक बढ़ाकर हर 5 मिनट करने पर भी विचार किया जाएगा। ये अतिरिक्त फेरे पूरे नमो भारत कॉरिडोर यानी सराय काले खां से मोदीपुरम स्टेशन के बीच संचालित होंगे।
सुबह 5 बजे से रैपिड रेल सेवा की मांग
नमो भारत ट्रेनों के साथ-साथ मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो की सुविधा भी यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी। कांवड़ को लेकर रैपिड की सेवाओं के समय में भी परिवर्तन की मांग हो रही है। लोगों का कहना है कि सुबह पांच बजे से रैपिड की सेवा हो, ताकि सुबह-सुबह लोग अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सके। वहीं कांवड यात्रा को लेकर डीएम डॉ. वीके सिंह ने तैयारियों और सुरक्षा के मद्देनजर 12 अगस्त तक जिले के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश रद कर दिए हैं। डीएम ने कहा कि विशेष परिस्थितियों में ही राजपत्रित अधिकारियों को सीडीओ के माध्यम से अनुमति प्राप्त कर डीएम कार्यालय को सूचित करना होगा। अन्य कर्मचारी भी अपने वरिष्ठ अधिकारी से अनुमति लेकर सूचना डीएम कार्यालय को देंगे।
12 अगस्त तक अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द
गुरुवार को विकास भवन सभागार में डीएम डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और पिछली बैठक की अनुपालन आख्या की बिंदुवार समीक्षा की गई। डीएम ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसी दौरान उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 12 अगस्त तक जिले के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश रद कर दिए गए हैं। सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ.राम प्रसाद, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ रहे।
24 घंटे अलर्ट मोड में रहे स्वास्थ्य विभाग
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए और सभी अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी 24 घंटे अलर्ट रहें। सभी एम्बुलेंस ऑपरेशनल रखने के आदेश दिए गए हैं। कांवड़ मार्गों पर चिकित्सा शिविरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।


