
करंट से झुलसे मजदूर की उपचार के दौरान मौत, एसडीओ समेत कई पर केस
Rampur News - पत्नी की तहरीर पर ठेकेदार, एसडीओ हाईडिल समेत कई पर केस दर्जदर्ज सैफनी। थाना क्षेत्र में चौकोनी टावर की लाइन पर काम के दौरान करंट से झुलसे मजदूर की उपच
थाना क्षेत्र में चौकोनी टावर की लाइन पर काम के दौरान करंट से झुलसे मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना पुलिस ने ठेकेदार, एसडीओ व अन्य कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि 15 जनवरी को ग्राम जिवाई कदीम थाना पटवाई निवासी उसके पति जयपाल सिंह पुत्र हरप्रसाद को ठेकेदार यशपाल निवासी कान्हा बिहार थाना चंदौसी जिला संभल, अभिषेक निवासी मुरादाबाद और जाकिर पुत्र अली मोहम्मद निवासी ग्राम खरसौल, मजदूरी पर चौकोनी टावर की लाइन पर काम कराने के लिए ले गए थे।
दोपहर करीब 3:15 बजे जयपाल सिंह लाइन पर काम कर रहा था, तभी बिजली विभाग के एसडीओ व अन्य कर्मचारियों की कथित लापरवाही से लाइन में बिजली सप्लाई छोड़ दी गई। करंट लगने से जयपाल सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। आरोप है कि उसे लाइन पर ही छोड़ दिया गया और बाद में पुलिस की मदद से नीचे उतारकर सीएचसी शाहबाद भेजा गया, जहां से मुरादाबाद के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां, करीब आठ दिन तक इलाज चलने के बाद 23 जनवरी को जयपाल सिंह की मौत हो गई। शनिवार को मृतक की पत्नी ममता ने थाने पहुंचकर ठेकेदारों और एसडीओ समेत अन्य कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की पत्नी ममता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




