पति के अवैध संबंध में रोड़ा बन रही थी विवाहिता, कर दी हत्या...चार पर केस
Rampur News - रामपुर के कागानगला गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में मृतका के भाई ने पति और चार ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पति के अवैध संबंधों और उत्पीड़न के कारण उसकी बहन की मौत हुई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रामपुर। करीब 10 दिन पूर्व थाना क्षेत्र के कागानगला गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मृतका के भाई ने पति समेत चार ससुरालियों पर पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नगला सर्की गांव निवासी दिगवेंद्र सिंह राठौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2019 केमरी थाना क्षेत्र के कागानगला गांव निवासी सुरजीत से हुई थी। सुरजीत के अवैध संबंध थे, जिसकी वजह से आरोपी उसकी बहन का उत्पीड़न करता रहता था।
शादी के चार पांच माह बाद उसकी बहन के गर्भवती होने पर उसकी भाभी ने इलाज के नाम पर दवाई खिलाकर गर्भपात करा दिया। उसका पति उसका ध्यान नहीं रखता था तथा कई बार पैसों की मांग भी करता था। जिस पर उसे एक लाख रुपये भी दिए गए थे। बावजूद उसकी बहन का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। 26 फरवरी को सुरजीत ने फोन कर बताया कि तुम्हारी बहन की तबीयत खराब है, जिसके बाद वह उसकी बहन को बीमारी की हालत में बदायूं ले आए। तबीयत खराब होने का कारण पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। वहीं, उपचार के दौरान बरेली में उसकी बहन ने दम तोड़ दिया। आरोप है कि उसके पति ने अपनी भाभी, व सास ससुर के साथ मिलकर षड्यंत्र रचकर उसकी बहन की हत्या कर दी है। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुरजीत, शिशुपाल व दो महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


