Rampur News: रझेड़ा नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों ने हटाया अस्थायी लकड़ी का पुल
Rampur News: बैरुआ गांव के समीप रझेड़ा नदी पर बना अस्थायी लकड़ी का पुल शनिवार को ग्रामीणों द्वारा हटा दिया गया। पुल हटाने से किसानों को 15 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और चंद्रपुर खुर्द गांव का संपर्क मार्ग भी टूट गया है। ग्रामीणों ने स्थायी पुल निर्माण की मांग की है।

Rampur News: सैफनी। क्षेत्र के बैरुआ गांव के समीप रझेड़ा नदी पर बना अस्थायी लकड़ी का पुल शनिवार को नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों ने एहतियातन खुद ही हटा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुल नहीं हटाया जाता तो तेज बहाव में उसके बह जाने की आशंका थी। पुल हटने से बैरुआ गांव के किसानों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार गांव से महज 100 से 200 मीटर की दूरी पर नदी के पार स्थित खेतों तक पहुंचने के लिए अब उन्हें करीब 15 किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है। इससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और समय व खर्च दोनों बढ़ गए हैं।
वहीं, लकड़ी का अस्थायी पुल हट जाने से नदी पार स्थित चंद्रपुर खुर्द गांव का संपर्क मार्ग भी टूट गया है। जिसके चलते वहां के ग्रामीणों को तहसील मुख्यालय शाहबाद व छात्रों को स्कूल-कालेज तक पहुंचने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि रझेड़ा नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर पुल हटाया गया है। उन्होंने प्रशासन से नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में हर वर्ष यही समस्या सामने आती है, जिससे किसानों और ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


